Israel Embassy Blast: इस्राइल दूतावास हमले में पुलिस के हाथ लगे कई सुराग, जल्द दर्ज होगी एफआईआर
इस्राइली दूतावास हमले में पुलिस को साजिश के अहम सबूत मिले हैं। जिसके बाद अब इस मामले में दिल्ली पुलिस एफआईआर दर्ज करेगी।
विस्तार
बीते दिनों दिल्ली में इस्त्राइल दूतावास के पास हुए धमाके में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, तीन दिनों की जांच के बाद दिल्ली पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की योजना बन रही है। दिल्ली पुलिस समेत देश की सुरक्षा एजेंसियों में मंगलवार शाम को उस समय हड़कंप मच गया, जब इस्राइल एबेंसी के पास धमाके की सूचना मिली थी।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि सुरक्षा एजेंसी के अधिकारी उन आरोपों पर विचार कर रहे हैं, जिनके तहत एफआईआर दर्ज की जाएगी साथ ही जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंपी जा सकती है। मामले की जांच कर रहे दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने धमाके के बाद आसपास के कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति देखा जा रहा है। जो ऑटो-रिक्शा में जामिया नगर से आया था।
पुलिस ने बताया कि कई ऑटो-रिक्शा चालकों से पूछताछ हो रही है। जिसमें वह ड्राइवर भी शामिल है जो 26 दिसंबर को विस्फोट होने से पहले उस संदिग्ध को घटनास्थल पर लाया था। जांच से जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमें पृथ्वीराज रोड पर विस्फोट का संकेत देने वाले कुछ महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं। जांच से पता चलता है कि इस्त्रायल-हमास संघर्ष के कारण इस्त्राइली दूतावास के अधिकारियों को धमकी देने की साजिश थी।
समाचार एजेंसी एएनआई को सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि ब्लास्ट सैंपल रिपोर्ट को बेहद संवेदनशील रखा गया है और सीलबंद रिपोर्ट दिल्ली पुलिस को सौंपी जाएगी। विस्फोट के घटक का अभी तक पता नहीं चल पाया है और इसलिए, वे फोरेंसिक रिपोर्ट आने का इंतजार करेंगे। राष्ट्रीय सुरक्षा समूह (एनएसजी) और दिल्ली पुलिस के फोरेंसिक विशेषज्ञों ने बुधवार को घटनास्थल से पत्तियों और मिट्टी के नमूने एकत्र किए थे।
हाल ही में इस्त्राइली राजदूत को धमकी मिली थी
हाल में इस्त्राइली दूतावास के राजदूत को जान से मारने की धमकी मिली थीं। इसके बाद गृहमंत्रालय के आदेश पर इस्त्राइजर एबेंसी व राजदूत की सुरक्षा बढ़ा दी थी। खुफिया विभाग की रिपोर्ट के बाद गृहमंत्रालय ने सुरक्षा बढ़ाने के आदेश दिए थे। राजदूत को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी दी गई थी।