{"_id":"5f84f4f10f965f35206de74b","slug":"female-director-of-the-company-arrested-from-goa-in-a-fraud-of-250-crores","type":"story","status":"publish","title_hn":"ढाई सौ करोड़ की ठगी में कंपनी की महिला निदेशक गोवा से गिरफ्तार, 900 से ज्यादा लोगों को बनाया था शिकार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ढाई सौ करोड़ की ठगी में कंपनी की महिला निदेशक गोवा से गिरफ्तार, 900 से ज्यादा लोगों को बनाया था शिकार
Tue, 13 Oct 2020 05:59 AM IST
Vikas Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Vikas Kumar
Updated Tue, 13 Oct 2020 05:59 AM IST
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : Pixabay
आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने शनिवार को ढाई सौ करोड़ की ठगी के आरोप में एसएमपी इम्पेक्स प्राइवेट लिमिटेड (हेलो टैक्सी) की महिला निदेशक को गिरफ्तार किया है। इसे दक्षिणी गोवा से पकड़ा गया। एप आधारित टैक्सी सर्विस कंपनी में निवेश का झांसा देकर 900 से ज्यादा लोगों से ठगी कर चुकी है। महिला आरोपी के खिलाफ दिल्ली ही नहीं, राजस्थान और उतर प्रदेश में भी जालसाजी के मुकदमें दर्ज हैं। इस मामले में आरोपी राजेश महतो 23 अगस्त 2020 को गिरफ्तार कर लिया गया था। बाकी के आरोपियों की तलाश जारी है।
विज्ञापन
ईओडब्ल्यू के ज्वाइंट सीपी ओपी मिश्रा के मुताबिक, महिला निदेशक और कंपनी पदाधिकारियों के खिलाफ पीड़ित धर्मेन्द्र ने जालसाजी की शिकायत दर्ज कराई थी। निदेशक सहित सरोज महापात्रा, राजेश महतो, सुंदर भाटी और हरीश भाटी ने सैकड़ों लोगों से करोड़ों की ठगी की थी। कंपनी में निवेश के नाम पर प्रति माह 200 गुणा मुनाफा देने का झांसा दिया था। रकम हड़पने के बाद लोगों को ना तो ब्याज मिला और ना ही मूल राशि। कंपनी ने रोहिणी और यूपी के गाजियाबाद स्थित साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया में कार्यालय खोल रखा था। जांच में पता चला कि कंपनी अवैध तरीके से चलाई जा रही थी, जिसकी जांच सेबी भी कर रही थी।
विज्ञापन
झांसा देने के लिए पांच सितारा होटल में होती थी बैठक
आरोपी पांच सितारा होटलों में बैठक और सेमिनार इत्यादि का आयोजन करते थे। यह दिखाकर लोगों को कंपनी में निवेश के लिए प्रेरित किया जाता था। केस दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गए थे। इस मामले में महिला निदेशक को भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। पुलिस ने आरोपी महिला को शनिवार को दक्षिण गोवा के एक रिसोर्ट से धर दबोचा है।
विज्ञापन
कंपनी के खाते में तीन करोड़ से अधिक की राशि
जांच में पुलिस को कंपनी के खाते में करीब तीन करोड़ सताईस लाख 48 हजार की राशि मिली है। साथ ही 60 नई कारों का पता चला। जिसके बाद बैंक को पत्र लिखकर राशि फ्रीज करवा दिया गया है। जबकि कारों को जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
जालसाजी की रकम से कर रही थी मौज
आरोपी महिला निदेशक के मोबाइल नंबर को ईओडब्ल्यू की टीम लगातार ट्रेस कर रही थी। एक सप्ताह पहले वह चेन्नई होते हुए सड़क मार्ग से हैदराबाद गई थी, जहां उसने एक महंगी कार खरीदी। उस कार से आरोपी निदेशक ने गोवा का सफर तय किया। गोवा में वह एक बड़े रिसोर्ट में रुकी हुई थी, जहां से उसे छापेमारी कर दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि जालसाजी की रकम से उसने कार खरीदी थी। पुलिस टीम उसके क्रेडिट कार्ड का भी ब्योरा लगातार खंगाल रही थी, क्योंकि आरोपी ऑनलाइन खरीदारी कर रही थी, जिससे उसकी लोकेशन पता कर पाने में पुलिस को मदद मिली।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
महिला निदेशक के पकड़े जाने के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया जा रहा है। दिल्ली लाने के बाद ईओडब्ल्यू की टीम आरोपी महिला का रिमांड लेकर उसके फरार साथियों की जानकारी जुटाएगी। साथ ही जालसाजी से एकत्र हुई रकम का ब्योरा भी पुलिस खंगालेगी।
कैसे कंपनी लगाती थी चूना
हेलो टैक्सी एक मल्टी लेवल मार्केटिंग (एमएलएम) योजना का संचालन करती थी। इसमें वह निवेशकों को ऊंचा लाभ देती है। कंपनी के ऊपर बड़े और छोटे निवेशकों की भारी भरकम रकम देने का झूठा आश्वासन देती थी। शुरुआत में कंपनी ने 1000 रुपये लगाने वालों को 10 हजार रुपये तक की रकम दी। इतनी रकम पाने के बाद हर कोई कंपनी में निवेश करने पहुंच जाता था। कंपनी ने सैकड़ों लोगों से मोटी रकम ऐंठने के बाद फरार हो गई।