पानी मांगने आई महिला बेहोश, 200 घरों के लोग झेल रहे यही समस्या
पेयजल समस्या को लेकर बुधवार को वॉर्ड नंबर 9 स्थित डबुआ कॉलोनी की महिलाओं ने तीसरी बार निगम मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने संयुक्त आयुक्त आशिमा सांगवान से मुलाकात कर नया ट्यूबवेल लगवाने की मांग की।
इसी दौरान ही एक महिला बेहोश हो गई। बेहोशी की हालत में महिला को उठाकर कुर्सी पर बैठाया गया। करीब पांच मिनट बाद उसे होश आया। तब जाकर महिलाओं ने राहत की सांस ली।
डबुआ कॉलोनी निवासी दीपक, हेमंत, हिमांशू, गुलाम, कृष्णा व पायल आदि का कहना था कि उनके क्षेत्र में कई महीनों से पानी की समस्या बनी हुई है। इसके पहले दो बार निगम मुख्यालय पर पहले भी प्रदर्शन कर चुके हैं। हर बार अधिकारी आश्वासन देते हैं।
उनका कहना है कि निगम अधिकारियों ने नया ट्यूबवेल लगाने की बात कही थी लेकिन आज तक नये ट्यूबवेल को लगाने का काम शुरू नहीं किया गया है। लगभग 200 घरों के लोग पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं।
धूप तेज होने के कारण बेहोश हुई महिला
बुधवार को उन्हें तीसरी बार प्रदर्शन करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान धूप तेज होने के कारण एक महिला गिरकर बेहोश हो गई। उसे उठाकर कुर्सी पर बैठाया गया। मुंह पर पानी मारा।
पांच मिनट बाद उसे होश आया। इसके बाद लोगों ने संयुक्त आयुक्त से मुलाकात कर विरोध जताया। इसके बाद लोग एक्सईएन वीरेंद्र कर्दम से भी मिले जिन्होंने जल्द नया ट्यूबवेल लगाने का आश्वासन दिया।
वहीं दूसरी ओर राहुल कॉलोनी के लोगों ने भी पानी की समस्या को लेकर नगर निगम मुख्यालय पर निगम अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई और पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की।