निर्दयी मां: दो साल के बेटे के गले पर पेपर कटर से वार, बच्चा खून से हो गया लथपथ, पति ने करवाया गिरफ्तार
एक महिला ने अपने दो वर्षीय बेटे को पेपर कटर से घायल कर दिया। पिता की शिकायत पर पल्ला पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास में न्यायिक हिरासत में जेल भेजा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नवीन नगर चौकी क्षेत्र में एक महिला की ओर से अपने दो वर्षीय बेटे के साथ मारपीट करने और पेपर कटर ब्लेड से उसके गले पर वार कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। बच्चे के पिता की शिकायत पर थाना पल्ला पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार शिव एन्क्लेव पार्ट-3 निवासी कृष्ण कुमार ने शिकायत में बताया कि उसकी शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। आरोप है कि उसकी पत्नी का बच्चों के प्रति व्यवहार ठीक नहीं रहता था और वह अक्सर गुस्से में उनके साथ मारपीट करती थी। 26 अगस्त को दोपहर के समय महिला ने अपने दो वर्षीय बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी। पति ने जब बच्चे को बचाने का प्रयास किया तो महिला ने घर में रखे पेपर कटर ब्लेड से बच्चे के गले पर वार कर दिया। इससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। नवीन नगर चौकी की टीम ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला तीन बच्चों की मां है। पति और सास के काम पर चले जाने के बाद वह घर में बच्चों के साथ अकेली रहती थी। बच्चों की देखभाल को लेकर वह परेशान रहती थी।
पुलिस के मुताबिक 26 अगस्त को मानसिक तनाव और गुस्से में आकर महिला ने अपने दो वर्षीय बेटे पर पेपर कटर से हमला कर दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपी महिला को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।