Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Faridabad News ›   The cleric's family left the mosque residence.

Faridabad News: एक साल बाद अल-फलाह मेडिकल कॉलेज में पुलिस पोस्ट स्थापित, मौलवी के परिवार ने मस्जिद का घर छोड़ा

Mon, 09 Nov 2026 10:47 PM IST
Noida Bureau नोएडा ब्यूरो
Updated Mon, 09 Nov 2026 10:47 PM IST
विज्ञापन
The cleric's family left the mosque residence.
मौलवी का परिवार मस्जिद परिसर में बना आवास छोड़कर गया, घर में पसरा सन्नाटा
विज्ञापन

केशव भारद्वाज
फरीदाबाद। धौज स्थित अल-फलाह मेडिकल कॉलेज में कथित आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश होने के एक साल बाद यहां के हालात काफी बदल चुके हैं। जिस कॉलेज का नाम पिछले साल विस्फोटक सामग्री की भारी बरामदगी और लाल किला क्षेत्र में हुए कार विस्फोट से जुड़े मामले में सामने आया था, वहां अब सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं अधिक सख्त है। कॉलेज परिसर में पुलिस पोस्ट भी स्थापित की गई है। वहीं मेडिकल कॉलेज से सटी मस्जिद में मौलवी का परिवार घर छोड़ चुका है। सोमवार को उसका घर वीरान पड़ा हुआ था।
मेडिकल कॉलेज में पुलिसकर्मी हर समय तैनात रहते हैं और परिसर में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। कॉलेज में कार्यरत कर्मचारियों से लेकर विद्यार्थियों तक के सत्यापन की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। समय-समय पर विभिन्न जांच एजेंसियों के अधिकारी भी यहां पहुंचकर गतिविधियों की जानकारी लेते रहते हैं। वहीं, कॉलेज के पास स्थित मस्जिद परिसर में मौलवी हाफिज इश्तियाक का परिवार रहता था, लेकिन अब वहां उनका परिवार नहीं है। मौके पर पहुंचने पर आवास वीरान मिला और मस्जिद में भी कोई विशेष गतिविधि दिखाई नहीं दी। मौलवी के परिवार के बारे में ग्रामीणों से जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई भी खुलकर कुछ बताने को तैयार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने परिवार के बारे में जानकारी होने से भी इंकार किया।
विज्ञापन

----------------
डॉक्टरों की भर्ती, यूजी सीटें 150 से बढ़कर 200 हुईं
इस प्रकरण के सामने आने के बाद कुछ डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज छोड़ दिया था और मरीजों की संख्या में भी कुछ समय के लिए कमी आई थी। हालांकि, बीते एक साल में कॉलेज में नए डॉक्टरों की भर्ती हुई है। सरकार ने भी मेडिकल कॉलेज को अपने अधिकार क्षेत्र में ले लिया है। गत वर्ष यहां एमबीबीएस की यूजी सीटों की संख्या 150 थी, जो अब बढ़कर 200 हो गई है। कॉलेज के मेडिकल अधीक्षक डॉ. लखीराम मुर्मू के अनुसार, इस घटना का अब कॉलेज की सामान्य गतिविधियों पर कोई प्रभाव नहीं है। कुछ दिनों तक मरीजों की संख्या जरूर कम हुई थी, लेकिन अब पहले की तरह मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। मेडिकल कॉलेज में यूजी और पीजी की कोई भी सीट रिक्त नहीं है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण है और यहां से बड़ी आबादी को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

---------------------------
एक साल पहले 2900 किलो के करीब विस्फोटक सामग्री मिलने से मचा था हड़कंप
नौ नवंबर 2025 को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ कार्रवाई करते हुए अल-फलाह मेडिकल कॉलेज में कार्यरत डॉक्टर मुजम्मिल शकील गनाई को गिरफ्तार किया था। धौज गांव में उसके किराये के कमरे से करीब 360 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री, असॉल्ट राइफल, कारतूस, पिस्टल, मैगजीन और टाइमर बरामद किए गए थे। इसके अगले दिन 10 नवंबर को फतेहपुर तगा और धौज में छापेमारी के दौरान करीब 2,563 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट बरामद हुआ था। इस तरह दोनों कार्रवाइयों में करीब 2,900 किलोग्राम से ज्यादा विस्फोटक सामग्री बरामद हुई थी। इसके अगले दिन दिल्ली में लाल किले के पास डॉ. उमर उन नबी ने कार में विस्फोट कर अपने आपको उड़ा लिया था, जिसमें 10 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना ने देशभर में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया था।
--------------------
एनआईए की चार्जशीट में यूनिवर्सिटी से अरावली तक गतिविधियों का जिक्र

लाल किला विस्फोट मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की चार्जशीट में अल-फलाह यूनिवर्सिटी को कथित मॉड्यूल की गतिविधियों का शुरुआती केंद्र बताया गया है। जांच एजेंसी के अनुसार, डॉ. उमर उन नबी के यूनिवर्सिटी में काम करने के दौरान उसे रसायनों, उर्वरकों, बिजली के उपकरणों और अन्य संसाधनों तक पहुंच मिली। चार्जशीट में आरोप लगाया गया है कि सितंबर-अक्तूबर 2024 में उमर उन नबी, मुजम्मिल शकील गनाई और जासिर बिलाल वानी ने विस्फोटक मिश्रणों के परीक्षण किए थे। एनआईए के मुताबिक, पहला सफल परीक्षण परिसर में ट्यूबवेल के पास किया गया। इसके बाद यूनिवर्सिटी से बाहर सुनसान खेतों में भी परीक्षण किए गए। जांच एजेंसी ने चार्जशीट में दावा किया है कि इन प्रयोगों के बाद कथित मॉड्यूल ने टीएटीपी आधारित विस्फोटक तैयार करने पर ध्यान केंद्रित किया।

------------------------
यूनिवर्सिटी के फ्लैट से धौज की अरावली तक पहुंची गतिविधियां

चार्जशीट के अनुसार, नवंबर-दिसंबर 2024 में यूनिवर्सिटी परिसर स्थित फ्लैट नंबर चार में भी कथित तौर पर विस्फोटक तैयार करने के प्रयोग किए गए। इसके लिए सामग्री स्थानीय बाजारों से जुटाने का आरोप है। बाद में रसायनों और अन्य सामान को धौज तथा खोरी जमालपुर स्थित किराये के परिसरों में स्थानांतरित किया गया। एनआईए ने आरोप लगाया है कि यूनिवर्सिटी परिसर और आसपास के खेतों में प्रयोग करने के बाद उमर उन नबी और मुजम्मिल गनाई ने धौज क्रशर जोन की ओर अरावली के जंगलों में भी विस्फोटक परीक्षण किए। जांच एजेंसी ने एक परीक्षण स्थल से पाइप जैसी वस्तु के अवशेष मिलने का दावा भी किया है। चार्जशीट में अक्तूबर-नवंबर 2024 के दौरान धौज के एक अन्य जंगल क्षेत्र में हथियारों के परीक्षण का भी उल्लेख है। जांच एजेंसी के अनुसार, जासिर बिलाल वानी ने कथित मॉड्यूल को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई और सामग्री को किराये के ठिकानों तक पहुंचाने में मदद की। एनआईए का आरोप है कि वर्ष 2025 की शुरुआत तक मॉड्यूल ने कई सूटकेस आधारित आईईडी तैयार कर लिए थे। इनमें से कुछ सामग्री धौज स्थित किराये के परिसर में स्थानांतरित की गई थी। चार्जशीट के इन दावों ने फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी और उसके आसपास के इलाकों में कथित मॉड्यूल की गतिविधियों की पूरी कड़ी को सामने रखा है।
----------------------------------------
अलफलाह मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा इंतजामों को लेकर पुलिस सतर्क है। यहां पुलिस की टीम हर समय तैनात रहती है। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर हर संभव कदम उठाए हैं। यहां वेरिफिकेशन पर भी ध्यान दिया जा रहा है। सुरक्षा की वजह से इस बारे में ज्यादा नहीं बताया जा सकता है। - उत्तम, डीसीपी एनआईटी
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed