फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण को काबू करने के लिए टीकाकरण को महत्वपूर्ण कर दिया गया है। विदेश में पढ़ने व नौकरी करने वाले और अंतरराष्ट्रीय खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ी कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज महज 28 दिन के अंतराल पर लगवा सकते हैं। बुधवार को ऐसी शिकायतों पर जिला सिविल सर्जन ने संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि टीकाकरण की अनिवार्यता वाले पहलुओं पर ध्यान देते हुए यह सुविधा लोगों को दी गई है।
कोविशील्ड की दूसरी डोज 84 दिन के अंतर पर ही लगाई जा रही है। कई कारणों से लोग टीकाकरण की इस समय अवधि के कारण समस्या झेल रहे हैं। इसमें विदेश में पढ़ाने करने वाले छात्र, नौकरी करने वाले लोग व खिलाड़ी शामिल हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणदीप सिंह पूनिया ने इसके लिए आदेश जारी कर दिए हैं। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि केवल प्रमाण पत्र के आधार पर ही लोगों का सत्यापन किया जाएगा। ऐसे लोगों को ही कम अंतराल में टीकाकरण की सुविधा दी जाएगी। विदेश में पढ़ने वाले छात्र, विदेश में नौकरी करने वाले लोग और टोक्यो ओलंपिक में शामिल होने वाले खिलाड़ियों सहित भारतीय दल में शामिल होने वाले अन्य सदस्यों को ही दोनों टीके 28 दिनों में लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के टीकाकरण नोडल डॉ. राजेश से इसके लिए संपर्क किया जा सकता है।