{"_id":"6a57d891f849699eb80867c7","slug":"protest-against-land-vacation-notice-in-shiv-nagar-residents-demonstrate-faridabad-news-c-26-1-fbd1021-74965-2026-07-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Faridabad News: शिव नगर में जमीन खाली करने के नोटिस का विरोध, लोगों का प्रदर्शन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Faridabad News: शिव नगर में जमीन खाली करने के नोटिस का विरोध, लोगों का प्रदर्शन
विज्ञापन
विज्ञापन
लोगों की मांग, कार्रवाई से पहले वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराएं
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बुलडोजर हमारी लाशों के ऊपर से गुजरेंगे....यह कहना है सेक्टर-22 स्थित शिव नगर की रहने वाली ज्योति कुमारी का। बुधवार को स्थानीय लोगों ने सीपीडब्ल्यूडी की जमीन खाली करने के नोटिस के विरोध में प्रदर्शन किया। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पिछले 50 वर्षों से यहां रह रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि तोड़फोड़ की कार्रवाई से पहले उन्हें वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराया जाए।
प्रदर्शन के दौरान ज्योति कुमारी ने बताया कि उसका जन्म इसी बस्ती में हुआ था और अब उसकी उम्र 40 वर्ष है। उसके परिवार के राशन कार्ड, वोटर आईडी, बिजली और पानी के कनेक्शन सहित सभी सरकारी दस्तावेज इसी पते पर बने हुए हैं। सरकार वर्षों से उनसे बिजली-पानी के बिल वसूलती रही, लेकिन अब अचानक इस बस्ती को अवैध बताकर हटाने की तैयारी की जा रही है।
विज्ञापन
स्थानीय निवासी बबन गुप्ता ने बताया कि उसका परिवार करीब 50 साल से यहां रह रहा है। इतने वर्षों में कभी किसी विभाग ने आपत्ति नहीं जताई। अब अचानक जमीन को सरकारी बताते हुए मकान खाली करने के नोटिस दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार यदि जमीन खाली कराना चाहती है तो पहले रहने के लिए दूसरी जगह उपलब्ध कराए।
विज्ञापन
लोग स्वयं कब्जा नहीं हटाते हैं तो 26 जुलाई से तोड़फोड़ अभियान : अभियंता
सीपीडब्ल्यूडी के अभियंता सुरेश कुमार के अनुसार, मुजेसर, सारन और सेक्टर-22 में स्थित पूर्व सरकारी प्रेस की करीब छह एकड़ जमीन 25 वर्ष पहले प्रेस बंद होने के बाद विभाग को हस्तांतरित हुई थी। लंबे समय तक भूमि का उपयोग नहीं होने के कारण उस पर लोगों ने कब्जा कर मकान बना लिए। विभाग का कहना है कि पहले भी नोटिस जारी किए गए थे और मामला अदालत तक पहुंचा था। न्यायालय के आदेश के बाद अब अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। एसडीएम त्रिलोकचंद ने बताया कि नियमानुसार सभी प्रभावित लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। यदि निर्धारित समय तक लोग स्वयं कब्जा नहीं हटाते हैं तो 26 जुलाई से प्रशासन की ओर से तोड़फोड़ अभियान चलाया जाएगा।