फरीदाबाद। भाजपा के फरीदाबाद विधानसभा सीट से उम्मीदवार नरेंद्र गुप्ता कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष बलदेव राज ओझा ने अपना समर्थन दिया। वहीं, नहरपार आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता बेदी प्रधान ने भी आम आदमी पार्टी को छोड़कर नरेंद्र गुप्ता के समर्थन की घोषणा की। इसके अलावा शिक्षण संस्थान केएल महता एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष आनंद मेहता और सतीश आहुजा ने भी उन्हें समर्थन की घोषणा की।
बृहस्पतिवार को नरेंद्र गुप्ता ने अपना जनसंपर्क अभियान सेक्टर-7 सेक्टर-8, सेक्टर-15 और सेक्टर-11 के पार्कों में चलाया। सभी स्थानों पर नरेंद्र गुप्ता का जोरदार स्वागत किया गया। लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र गुप्ता ने कहा कि जिस प्रकार से एक के बाद एक शहर की जानी-मानी हुई हस्तियां उनको आशीर्वाद प्रदान कर रही हैं, उसके बाद उनकी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उनका यह प्रयास रहेगा कि जो विश्वास शहर के लोग उन पर कर रहे हैं, उसे वह हर हालत में पूरा करेंगे।