{"_id":"60374f7a8ebc3ee90413e458","slug":"faridabad-after-operation-of-stray-cow-71-kilogram-of-plastic-waste-metal-came-out-of-her-stomach","type":"story","status":"publish","title_hn":"फरीदाबादः गाय को हुआ पेट दर्द तो कराया ऑपरेशन, फिर निकला 71 किलो प्लास्टिक और कचरा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
फरीदाबादः गाय को हुआ पेट दर्द तो कराया ऑपरेशन, फिर निकला 71 किलो प्लास्टिक और कचरा
Thu, 25 Feb 2021 01:21 PM IST
पूजा त्रिपाठी
अमर उजाला नेटवर्क, फरीदाबाद
अमर उजाला नेटवर्क, फरीदाबाद
Published by: पूजा त्रिपाठी
Updated Thu, 25 Feb 2021 01:21 PM IST
विज्ञापन
कूड़े में निवाला तलाशती गाय (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
देश की सड़कों पर घूमने वाली लावारिस गाय, भैंस आदि पशु किस तरह का खाना खाने को मजबूर हैं या ये कहें कि शहरी सड़कों पर किस तरह का कचरा भरा पड़ा है इसकी मिसाल फरीदाबाद से आई एक खबर से मिलता है, जो किसी को भी हैरान कर सकता है। यहां दुर्घटना का शिकार हो गई एक गाय का ऑपरेशन कराया गया तो उसके पेट से दो-चार नहीं पूरे 71 किलो प्लास्टिक और अन्य तरह का कचरा निकला। इसमें चूड़ी के टुकड़े कील, सुई, नटबोल्ट, सिक्के आदि शामिल हैं।
विज्ञापन
गाय की सर्जरी करने वाले तीन डॉक्टरों के पैनल में से एक डॉ. अतुल मौर्य ने बताया कि सर्जरी जरूर सफल रही लेकिन गाय अभी खतरे से बाहर नहीं है। अगले 10 दिन उसके लिए खतरे से भरे हैं।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार इस गाय को फरीदाबाद के एनआईटी-5 में एक कार ने ठोकर मार दी थी जिसके बाद इसे देवाश्रय पशु अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने देखा कि यह गाय अपने पैरों से पेट को मार रही थी, जिससे यह पता चला कि उसके पेट में दर्द है। डॉक्टरों ने इसके बाद कुछ टेस्ट, एक्सरे और अल्ट्रासाउंड भी किया, जिससे इस बात की पुष्टि हो गई कि गाय के पेट में हानिकारक पदार्थ मौजूद हैं।
विज्ञापन
डॉक्टर मौर्य ने बताया कि गाय के पेट के चार चेंबर साफ करने में डॉक्टरों को लगभग चार घंटे लग गए जिसमें ज्यादातर पॉलिथीन ही मौजूद थी। डॉक्टर ने बताया कि गाय जैसे पशुओं का पाचन तंत्र थोड़ा कॉम्प्लेक्स होता है और अगर यहां कोई बाहरी चीज ज्यादा दिन तक रह जाए तो पेट से चिपक जाता है।
ऐसे में यहां हवा आनी शुरू हो जाती है जिसके बाद जानवर अपने पेट पर मारने लगते हैं या गिर जाते हैं। ऐसी सर्जरी पहले भी की गई है लेकिन गाय के पेट से 71 किलो का कचरा निकला एक अलार्म जैसा है जो बड़े खतरे का संकेत है।