फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Faridabad News ›   Employees' strike, lockout at corporation office and traffic jams on roads have left people in distress

Faridabad News: कर्मचारियों की हड़ताल, निगम कार्यालय पर ताला और सड़कों पर जाम से लोग बेहाल

Fri, 13 Feb 2026 12:36 AM IST
Noida Bureau नोएडा ब्यूरो
Updated Fri, 13 Feb 2026 12:36 AM IST
विज्ञापन
Employees' strike, lockout at corporation office and traffic jams on roads have left people in distress
जाम में फंसी रही एंबुलेंस, निगम कार्यालय के गेट से ऊपर से कूदकर जाते दिखे लोग
विज्ञापन

निगम कार्यालय के साथ सिविल अस्पताल में आने वाले मरीजों को भी हुई परेशानी

अमर उजाला ब्यूरो

फरीदाबाद। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और कर्मचारी संगठनों के आह्वान पर बृहस्पतिवार को हुई राष्ट्रीय हड़ताल का फरीदाबाद में व्यापक असर देखने को मिला। सरकारी दफ्तरों में कामकाज ठप रहा, नगर निगम कार्यालय पर ताला लटका रहा और बीके चौक से अजरौंदा चौक तक निकाले गए जुलूस के कारण कई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
हड़ताल का सबसे ज्यादा खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ा, जिन्हें जरूरी कामों के लिए भटकना पड़ा और सड़कों पर घंटों फंसे रहना पड़ा। सुबह करीब नौ बजे से ही कच्चे कर्मचारियों और विभिन्न विभागों के कर्मचारी नगर निगम मुख्यालय के बाहर जुटने लगे। करीब दस बजे निगम कार्यालय के सामने की एक तरफ की सड़क को पूरी तरह बंद कर दिया गया। कर्मचारियों ने कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और गेट के सामने अपने वाहन खड़े कर दिए। इसके चलते प्रॉपर्टी टैक्स, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, सफाई संबंधी शिकायतें और अन्य सार्वजनिक सेवाएं पूरी तरह ठप रहीं। काम के लिए पहुंचे लोगों को बिना काम कराए लौटना पड़ा।
विज्ञापन


निगम कार्यालय के सामने से गुजरने वाली सड़क सिविल अस्पताल की ओर भी जाती है। सड़क बंद होने से अस्पताल जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बीके चौक से लेकर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। सुबह दस बजे से दोपहर करीब साढ़े बारह बजे तक कर्मचारी सड़क पर बैठे रहे। इसके बाद बीके चौक से अजरौंदा चौक तक जुलूस निकाला गया, जिससे दोपहर एक बजे तक ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई रही। जाम में एंबुलेंस भी फंसी नजर आईं।
विज्ञापन
विज्ञापन



निगम के साथ कई सरकारी कार्यालयों में काम रहा प्रभावित

हड़ताल का असर नगर निगम के तीनों जोन में दिखा, जहां कार्यालयों में ताले लटके रहे। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के डिवीजन, सब-डिवीजन और शिकायत केंद्रों में सन्नाटा पसरा रहा। बिजली खराबी, गलत बिल सुधार, मीटर बदलने और नए कनेक्शन जैसे काम प्रभावित हुए। बीके अस्पताल और अन्य डिस्पेंसरी में आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सामान्य कामकाज बाधित रहा। आंगनबाड़ी, आशा और मिड डे मील वर्करों की बड़ी संख्या के हड़ताल में शामिल होने से संबंधित सेवाएं भी प्रभावित हुईं। बैंक, बीमा, डाक, टेलीकॉम, आयकर, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई, राजस्व, महिला एवं बाल विकास और शिक्षा विभाग के कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल रहे।


समाधान नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा

हड़ताल की प्रमुख मांगों में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, पुरानी पेंशन बहाली, निजीकरण पर रोक, लेबर कोड और बिजली संशोधन बिल की वापसी, खाली पदों को भरना और न्यूनतम वेतन बढ़ाना शामिल रहा। कर्मचारी नेताओं ने सभा में इन मांगों को दोहराते हुए चेतावनी दी कि समाधान नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा। विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के मजदूर भी प्रदर्शन में शामिल हुए। कांग्रेस के जिला प्रधान बलजीत कौशिक ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों का समर्थन किया। बीके चौक स्थित नगर निगम मुख्यालय पर आयोजित सभा में कई कर्मचारी व मजदूर नेताओं ने संबोधन किया। अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री, सीटू की राष्ट्रीय सचिव ए.आर. सिंधु, एचएमएस से राजपाल डॉगी, सीटू के प्रधान निरंतर पाराशर, जिला प्रधान करतार सिंह और बलबीर सिंह बालगुहेर ने मांगों पर विस्तार से बात रखी।


वर्जन

मैं अपने परिजन को सिविल अस्पताल लेकर जा रहा था लेकिन जाम के कारण करीब 40 मिनट तक रास्ते में फंसा रहा। समय पर जांच नहीं हो सकी। - सवरमल

प्रॉपर्टी टैक्स संबंधी काम से निगम कार्यालय जाना था। हमें पहले से कोई सूचना नहीं थी, दफ्तर बंद मिला तो पूरा दिन खराब हो गया। - गुलफान

जाम के कारण माल की सप्लाई देर से पहुंची, जिससे कारोबार प्रभावित रहा, ग्राहकों को भी दुकान तक पहुंचने में दिक्कत हुई है। - राजेंद्र

सुबह के समय जाम लगने के कारण ऑफिस पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। एक किलोमीटर के रास्ते में करीब एक घंटा लग गया। - शाकिर
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed