दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसा: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, मां-बेटी की मौत; पिता गंभीर घायल
राजकुमार अपनी पत्नी अर्चना और बेटी अंजली के साथ नवादा के नजदीक जोगी बस्ती में रहते हैं। शनिवार को तीनों बाइक से अलीगढ़ के टप्पल गए थे। वहां से वापस लौटते समय दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-दो कट के पास उनकी बाइक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
विस्तार
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बल्लभगढ़ में सेक्टर-दो कट के पास हुआ। तीनों अलीगढ़ के टप्पल से फरीदाबाद स्थित अपने घर लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
तीनों बाइक से अलीगढ़ गए थे
राजकुमार अपनी पत्नी अर्चना और बेटी अंजली के साथ नवादा के नजदीक जोगी बस्ती में रहते हैं। शनिवार को तीनों बाइक से अलीगढ़ के टप्पल गए थे। वहां से वापस लौटते समय दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-दो कट के पास उनकी बाइक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मां-बेटे की मौत, पिता घायल
हादसे में अर्चना और उनकी बेटी अंजली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजकुमार को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मां-बेटी के शव पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
