क्या आपका टूथपेस्ट नकली तो नहीं!: राजधानी में बन रहा था फर्जी दंतमंजन, पकड़ी गई पूरी फैक्टरी, इतना पकड़ा माल
पुलिस की एक टीम ने शनिवार को सिरसपुर स्थित फैक्टरी पर दबिश दी। करीब पांच हजार स्क्वायर फीट में बनी इमारत में चल रही फैक्टरी में दस कर्मचारी काम कर रहे थे।
विस्तार
बाहरी-उत्तरी जिला जांच इकाई (डीआईयू) ने नामी कंपनी के नाम पर नकली टूथपेस्ट बनाने वाली फैक्टरी का खुलासा किया है। पुलिस ने समयपुर बादली के सिरसपुर में चल रही फैक्टरी पर छापा मारकर सात हजार सेंसोडाइन की पैकिंग वाला टूथपेस्ट बरामद किया है। साथ ही पुलिस ने फैक्टरी से पैकेजिंग का सामान जैसी- ढक्कन, बाहरी पैकिंग समेत कच्चा माल बरामद किया है। पुलिस ने यहां काम करने वाले दस कर्मचारियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है। छापेमारी के बाद से फैक्टरी मालिक भागा हुआ है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त निधिन वालसन ने बताया कि चेक आईपी साल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने बाहरी-उत्तरी जिला जांच इकाई को सिरसपुर में सेंसोडाइन की नकली टूथपेस्ट बनाने की फैक्टरी चलाए जाने की शिकायत की। शिकायत में बताया कि टूथपेस्ट में खतरनाक कैमिकल का इस्तेमाल किया जा रहा है।
इस सूचना पर पुलिस की एक टीम गठित कर शनिवार को सिरसपुर स्थित फैक्टरी पर दबिश दी। करीब पांच हजार स्क्वायर फीट में बनी इमारत में चल रही फैक्टरी में दस कर्मचारी काम कर रहे थे। पुलिस ने फैक्टरी से सात हजार टूथ पेस्ट बरामद किए। जो पूरी तरह तैयार होकर बाजार में बिकने के लिए तैयार थे।
कर्मचारियों से शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि नकली टूथपेस्ट को दिल्ली-एनसीआर में बेचा जा रहा था। साथ ही सदर बाजार के जरिए देश के अलग-अलग राज्यों में भेजे जाता था। पुलिस ने फैक्टरी से एक ट्रक को जब्त किया, जिसमें नकली टूथपेस्ट तैयार करने में इस्तेमाल कच्चा माल भरा हुआ था। पुलिस ने टूथपेस्ट को जांच के लिए लैब भेज दिया है। पुलिस फैक्टरी मालिक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
संबंधित वीडियो