सम-विषम: सीएनजी वाहनों को छूट, महिला चालकों पर फैसला टला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में आगामी 15 से 30 अप्रैल के बीच लागू हो रहे सम-विषम फॉर्मूले के दौरान सीएनजी कार चालकों को छूट मिलती रहेगी। हालांकि महिला चालकों को छूट होगी या नहीं इस पर अंतिम फैसला नहीं हो पाया है।
दरअसल, इसे लेकर जनता की राय और समन्वय कमेटी में मतभेद है। इसलिए इस पर आखिरी फैसला मुख्यमंत्री के साथ बैठक में लिया जाएगा। मंगलवार को दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री गोपाल राय ने दिल्ली विधानसभा में आयोजित प्रेस कांफ्रेस में इसकी जानकारी दी।
गोपाल राय ने कहा कि उनकी व्यक्तिगत राय है कि महिलाओं को छूट मिलती रहे। लेकिन अन्य पक्षों की राय इस पर अलग-अलग है। मुख्यमंत्री केजरीवाल इस पर आखिरी फैसला लेंगे। उन्होंने कहा कि सीएनजी वाहन छूट के दायरे में रहेंगे। उनके पुराने स्टीकर मान्य होंगे।
स्टीकर फट गया है तो यहां से प्राप्त करें
फिर भी स्टीकर फट गया है या नई गाड़ी है तो वह लोधी रोड स्थित सीएनजी पंप से एक अप्रैल से सुबह आठ से रात आज बजे के बीच स्टीकर प्राप्त कर सकते हैं। परिवहन मंत्री ने बताया कि सम विषम के दौरान पूर्व सैनिकों को सड़क पर उतारने के लिए एक अप्रैल से भर्ती के लिए इंटरव्यू होगा।
कुल 1500 पूर्व सैनिकों ने आवेदन किया है, जिसमें 450 से अधिक की भर्ती होगी। सरकार ने पीडब्ल्यूडी से सड़कों पर बस लेन की मार्किंग को भी कहा है।
छह अप्रैल से पर्यावरण विभाग प्रदूषण की मॉनिटरिंग का काम भी करेगी। 13 अप्रैल को छत्रसाल स्टेडियम में संकल्प सभा का आयोजन होगा। इसमें बस चालक व कंडक्टर शामिल होंगे।
कार पूल एप को प्रचारित करेगी सरकार
कार पूलिंग, ऑटो व टैक्सी को एक प्लेटफॉर्म पर लाने के लिए सरकार के मोबाइल ऐप पूछ ऐप को प्रचारित करने के लिए निजी कंपनी की मदद लेगी। परिवहन मंत्री ने बताया कि वह इसके लिए एक कमेटी का गठन करेंगे, जो यह फैसला लेगी।
दरअसल, सरकार कई कोशिश के बाद भी इस ऐप को जनता के बीच पॉपुलर नहीं कर पाई है। इसलिए अब इसे निजी कंपनी को देना चाह रही है। इसे लेकर कुछ कंपनियों से बातचीत भी चल रही है।
गोपाल राय ने कहा कि वह सम विषम फॉर्मूले का प्रचार अभियान सिर्फ दिल्ली एनसीआर के शहरों ही नहीं पड़ोसी राज्यों में भी करेंगे, जिससे वहां से दिल्ली आने वाले लोगों को सहूलियत हो। वह दिल्ली यूपी हरियाणा के साथ पंजाब, उत्तराखंड व राजस्थान में भी प्रचार अभियान चलाएंगे। साथ ही वहां के मुख्यमंत्रियों को भी पत्र लिखकर इसमें सहयोग मांगेंगे।