Delhi: दिल्ली में अब आवेदन किए बिना नहीं मिलेगी बिजली सब्सिडी, केजरीवाल ने किया एलान
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कुछ लोग फ्री बिजली नहीं लेना चाहते हैं। अब दिल्ली में उन्हीं लोगों को बिजली सब्सिडी मिलेगी, जो इसके लिए आवेदन करेंगे। आज से आवेदन करना शुरू कर सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली में एक अक्तूबर से उन्हीं उपभोक्ताओं को बिजली पर सब्सिडी मिलेगी, जो आवेदन कर दिल्ली सरकार से इसकी मांग करेंगे। इसके लिए उपभोक्ताओं को फार्म भरना पड़ेगा। इसकी प्रक्रिया बुधवार से ही शुरू हो गई है। उपभोक्ताओं के पास बिजली बिल के साथ इस बार से एक फार्म भी भेजा जाएगा। इसको बिलिंग काउंटर पर जमा करना होगा।
इसके अलावा सरकार ने एक मिस्ड कॉल नंबर 7011311111 भी जारी किया है। इस पर मिस्ड कॉल कर फार्म ले सकते हैं। फार्म भरने के बाद एसएमएस व ई-मेल भेजकर पंजीकरण होने और सब्सिडी जारी हरने की सूचना उपभोक्ता को मिल जाएगी।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार मीडिया से बात करते हुए कहा कि मौजूदा स्कीम इसी महीने तक लागू रहेगी। अगले महीने से जिसको बिजली सब्सिडी लेनी है, उनको आवेदन करना पड़ेगा। जो लोग 31 सितंबर तक आवेदन कर देंगे, उनको अगले महीने से सब्सिडी मिलेगी। दूसरी तरफ अब से सबको हर साल एक बार फार्म भरकर सब्सिडी मांगनी पड़ेगी। इससे जिनको सब्सिडी नहीं चाहिए, वह इसे छोड़ सकेंगे। केजरीवाल ने उम्मीद जताई कि जो लोग बिजली का बिल दे सकते हैं, वो बिल देंगे। जिनको जरूरत नहीं है, वो अपनी सब्सिडी छोड़ देंगे।
58 लाख उपभोक्ताओं में से 47 लाख को मिलती सब्सिडी
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में करीब 58 लाख घरेलू उपभोक्ता हैं। इसमें से 47 लाख को सब्सिडी मिलती है। 47 लाख में से 30 लाख ऐसे उपभोक्ता हैं, जिनके बिल जीरो आते हैं। जबकि 16-17 लाख उपभोक्ता हैं, जिनके बिजली बिल आधे हैं। दिल्ली में 200 यूनिट तक तो फ्री बिजली है और 201 से 400 यूनिट तक आधा रेट है।
केजरीवाल ने बताया कि कुछ लोगों की यह बिल्कुल सही मांग थी कि हम बिजली का बिल दे सकते हैं, तो हमें क्यों बिजली की सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने विकल्प की मांग की है। इसलिए सरकार ने फैसला लिया कि सब्सिडी आवेदन करने वाले को ही मिलेगी। इस महीने की 30 सितंबर तक पुरानी स्कीम लागू रहेगी। अगले महीने मांगने वाले को ही सब्सिडी मिलेगी।
सरकार चलाएगी अभियान
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि बुधवार से ही उपभोक्ता पंजीकरण शुरू कर सकते हैं। 31 अक्टूबर तक जो लोग अपना पंजीकरण कर लेंगे, उनको अगले महीने से बिजली पर सब्सिडी जारी रहेगी। वहीं, जो लोग नवंबर में पंजीकरण करेंगे, उनको अक्तूबर का पूरा बिल भरना पड़ेगा। सब्सिडी नवंबर से मिलेगी। दिसंबर में फार्म भरने वालों को अक्तूबर और नवंबर का पूरा बिल भरना पड़ेगा। दिसंबर से सब्सिडी मिलेगी। जिस महीने में आवेदन करेंगे, उस महीने से सब्सिडी मिलेगी। साल में हर आदमी को एक बार फार्म भरकर बिजली पर सब्सिडी मांगनी पड़ेगी। इससे जिनको सब्सिडी नहीं चाहिए होगी, उनको हर साल अपनी सब्सिडी छोड़ने का मौका मिलेगा। केजरीवाल ने उम्मीद जताई कि जो लोग बिजली का बिल दे सकते हैं, वो बिल देंगे। जिनको जरूरत नहीं है, वो अपनी सब्सिडी छोड़ देंगे।
सब्सिडी आवेदन के दो तरीके
- दिल्ली सरकार बिजली बिल के साथ आपके पास एक फार्म भेजेगी। आप उस फार्म को भर कर जहां बिजली का बिल जमा करते हैं, वहीं जमा कर दें।
- दिल्ली सरकार ने 7011311111 नंबर जारी किया है।
- इस नंबर मिस्ड कॉल या फिर हाय (Hi) लिखकर भेजें।
- इसके तुरंत बाद एक एसएमएस आएगा, जिसमें एक लिंक होगा।
- संबंधित लिंक पर क्लिक करते ही वाट्सएप पर एक फार्म खुलेगा।
- उस फार्म को भरकर भेज दें और आप सब्सिडी लेने की लिस्ट में शामिल हो जाएंगे।
- जिनके मोबाइल नंबर बिजली बिल के साथ पंजीकृत है, उनको दिल्ली सरकार भी मैसेज भेजेगी।
- आवेदन के तीन दिन बाद एसएमएस या ई-मेल से सूचना दी जाएगी कि आपकी सब्सिडी जारी है।