{"_id":"633c888c2e796821bd077fd0","slug":"due-to-rain-delhi-ncr-air-will-improve-in-next-three-days","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi-NCR AQI: अगले तीन दिनों में सुधरेगी दिल्ली-एनसीआर की हवा, बारिश की वजह से वायु गुणवत्ता पर पड़ेगा प्रभाव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi-NCR AQI: अगले तीन दिनों में सुधरेगी दिल्ली-एनसीआर की हवा, बारिश की वजह से वायु गुणवत्ता पर पड़ेगा प्रभाव
Wed, 05 Oct 2022 12:55 AM IST
Vikas Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Vikas Kumar
Updated Wed, 05 Oct 2022 12:55 AM IST
सार
बारिश का दौर शुरू होने पर प्रदूषक कण धरती की सतह पर बैठ जाएंगे, जिससे हवा की गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया जा सकता है। हालांकि, बारिश का यह दौर थमने के बाद मौसम के करवट लेते ही प्रदूषण का दौर शुरू हो जाएगा।
विज्ञापन
दिल्ली का साफ मौसम
- फोटो : amar ujala
विस्तार
दिल्ली-एनसीआर की हवा में अगले तीन दिनों के भीतर सुधार के आसार हैं। वायु मानक एजेंसियों का पूर्वानुमान है कि बारिश का नया दौर शुरू होने की वजह से हवा की गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया जा सकता है। उधर, मंगलवार को दिल्ली समेत एनसीआर शहरों की हवा औसत श्रेणी में दर्ज की गई है। सबसे खराब हवा का स्तर 177 एक्यूआई के साथ फरीदाबाद का रहा।
विज्ञापन
केंद्र की वायु मानक संस्था सफर इंडिया के मुताबिक, मंगलवार को 2.5 माइक्रोमीटर से बड़े कणों की पीएम 10 में 63 फीसदी हिस्सेदारी रही है। वहीं, बीते 24 घंटे में पीएम 10 का स्तर 126 व पीएम 2.5 का स्तर 50 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर रिकॉर्ड किया गया।
विज्ञापन
सफर का पूर्वानुमान है कि अगले तीन दिनों तक हवा की रफ्तार आठ से 18 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रहेगी। अभी पराली के धुएं की प्रदूषण में न के बराबर हिस्सेदारी दर्ज हो रही है व एनसीआर से आने वाला प्रदूषण भी अभी दिल्ली के प्रदूषण को नहीं बढ़ा रहा है। इस वजह से स्थानीय स्तर पर होने वाले प्रदूषण की वजह से दिल्ली में प्रदूषण का स्तर औसत श्रेणी में बना हुआ है। हालांकि, बारिश का दौर शुरू होने पर प्रदूषक कण धरती की सतह पर बैठ जाएंगे, जिससे हवा की गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया जा सकता है। हालांकि, बारिश का यह दौर थमने के बाद मौसम के करवट लेते ही प्रदूषण का दौर शुरू हो जाएगा।
विज्ञापन
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक, मंगलवार को मिक्सिंग हाइट का स्तर 1500 मीटर रहा है। वहीं, अगले 24 घंटे में यह बढ़कर 2200 मीटर रह सकता है। बृहस्पतिवार तक इसके 1600 मीटर तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, बीते 24 घंटे में वेंटिलेशन इंडेक्स का स्तर 3200 वर्ग मीटर प्रति सेकेंड रहा। बुधवार तक यह बढ़कर 6500 व बृहस्पतिवार तक घटकर 5500 वर्ग मीटर प्रति सेकेंड तक रह सकता है।
दिल्ली-एनसीआर का एक्यूआई
दिल्ली- 150
फरीदाबाद- 177
गाजियाबाद- 162
ग्रेटर नोएडा- 146
गुरुग्राम- 168
नोएडा- 154