{"_id":"6a81cb8cb4046a43e60bb854","slug":"dpl-2026-superstars-defeat-tigers-by-six-wickets-thanks-to-tejasvis-explosive-innings-delhi-ncr-news-c-340-1-del1011-150926-2026-08-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"डीपीएल-2026: तेजस्वी की तूफानी पारी से सुपरस्टार्ज ने टाइगर्स को छह विकेट से हराया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
डीपीएल-2026: तेजस्वी की तूफानी पारी से सुपरस्टार्ज ने टाइगर्स को छह विकेट से हराया
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल)-2026 के 27वें मुकाबले में दक्षिण दिल्ली सुपरस्टार्ज ने न्यू दिल्ली टाइगर्स को दो गेंद शेष रहते छह विकेट से हरा दिया। टाइगर्स के 217 रन के मजबूत लक्ष्य को सुपरस्टार्ज ने 19.4 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। तेजस्वी दहिया की नाबाद 60 रन की तूफानी पारी जीत की सबसे बड़ी वजह रही।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी सुपरस्टार्ज के सामने टाइगर्स ने सात विकेट पर 217 रन बनाए। शुरुआती झटकों के बाद वैभव रावल ने 30 गेंदों में 44 और अतुल्य पांडे ने 17 गेंदों में 23 रन बनाकर तीसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़े। कप्तान हिम्मत सिंह ने 19 गेंदों में 38 रन की तेज पारी खेली, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे। मनीष सहरावत ने 20 गेंदों में 42 रन बनाए, जबकि लक्ष्य थरेजा ने 16 गेंदों में नाबाद 30 रन की पारी खेली।
विज्ञापन
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुपरस्टार्ज ने भी आक्रामक शुरुआत की। अनमोल शर्मा ने 18 और सनत सांगवान ने 28 रन बनाकर पहले छह ओवर में 56 रन जोड़ दिए। कप्तान आयुष बडोनी ने 25 गेंदों में 35 और प्रणव पंत ने 27 गेंदों में 32 रन बनाए। दोनों के आउट होने के बाद सुपरस्टार्ज को 30 गेंदों में 76 रन चाहिए थे।
विज्ञापन
इसके बाद तेजस्वी दहिया ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने 29 गेंदों में छह चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 60 रन बनाए। प्रांशु विजयरण ने 13 गेंदों में नाबाद 26 रन का योगदान दिया। दोनों ने महज 28 गेंदों में नाबाद 76 रन की साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी। सुपरस्टार्ज ने 19.4 ओवर में 218 रन बनाकर रोमांचक मुकाबला अपने नाम किया।