कहां है दिव्या का शव?: आठवें दिन भी खाली हाथ पुलिस, लाश को ठिकाने वाले भी पहुंच से दूर; लुकआउट नोटिस जारी
पुलिस ने बलराज गिल और दूसरे आरोपी रवि बांगा के फोटो भी जारी किए हैं। वहीं, दिव्या पाहुजा के शव का पता बताने वाले को भी 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मॉडल दिव्या पाहुजा की हत्या के आठ दिन बाद यानी बुधवार तक उसका शव पुलिस बरामद नहीं कर पाई है। वहीं पुलिस ने शव को ठिकाने लगाने वाले रवि बांगा व बलराज गिल पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है। इसके साथ ही पुलिस ने बलराज गिल और दूसरे आरोपी रवि बांगा के फोटो भी जारी किए हैं। वहीं, दिव्या पाहुजा के शव का पता बताने वाले को भी 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
बता दें कि दो जनवरी की रात होटल सिटी प्वाइंट बस स्टैंड में मॉडल दिव्या पाहुजा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दिव्या की बहन की शिकायत पर थाना सेक्टर-14 ने केस दर्ज कर लिया था। पुलिस ने हत्या के आरोप में मुख्य आरोपी अभिजीत, हेमराज, ओमप्रकाश व मेघा को अभी तक गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच के दौरान पता चला कि दिव्या पाहुजा की हत्या को अंजाम देने में पंचकूला सेक्टर पांच निवासी बलराज सिंह गिल व मॉडल टाउन हिसार निवासी रवि बंगा भी शामिल रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए गुरुग्राम पुलिस क्राइम ब्रांच की 6 टीमें लगी हैं।
इस मामले की जांच एसआईटी कर रही है। काफी तलाश के बावजूद दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। ऐसे में बुधवार को पुलिस ने बलराज और रवि पर भी 50-50 हजार इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले का नाम व पहचान गुप्त रखी जाएगी। दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए हर प्रयास कर रहे हैं और विदेश भी भाग सकते हैं। गुरुग्राम पुलिस ने दोनों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करवाया है। इसके साथ ही पुलिस की नजर नेपाल बॉर्डर पर भी है।
दो जनवरी की रात दिव्या की हत्या करने के बाद बलराज और रवि शव को बीएमडब्ल्यूए कार से लेकर गए थे। अभी तक दिव्या पाहुजा का शव बरामद नहीं हो पाया है। इसलिए गुरुग्राम पुलिस द्वारा शव के बारे में सूचना देने वाले को भी 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस सूत्रों ने संभावना जताई है कि दोनों आरोपियों ने दिव्या के शव को भाखड़ा नहर में फेंक दिया और अंडरग्राउंड हो गए। अभिजीत ने दोनों को शव ठिकाने लगाने के लिए 10 लाख रुपये भी दिए थे। आठ दिन बाद भी अब तक दिव्या का शव बरामद नहीं हुआ है और न ही दोनों आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं।
मेघा गई जेल, मेडिकल स्टोर से लाई थी सेनेटरी पैड
पुलिस ने बुधवार को मेघा का दो दिन का रिमांड पूरा होने पर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, अभिजीत की गर्लफ्रेंड मेघा ने दिव्या की हत्या के बाद सबूत मिटाने में मदद की थी। सूत्रों के अनुसार, मेघा मेडिकल स्टोर से सेनेटरी पैड लेकर आई थी और कमरे में खून को पोछा था। सूत्रों के अनुसार, आरोपियों को डर था कि कपड़े से खून साफ कर ले जाने से कार व बाहर फैल सकता है। ऐसे में खून को साफ करने में सेनेटरी पैड का प्रयोग किया गया। पुलिस ने मेघा से दिव्या मर्डर में कई बातों की जानकारी ली। अभी पुलिस मेघा के बयान के आधार पर कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।