नोएडा में बवाल: सड़क हादसे में डिलीवरी बॉय की मौत, लोगों ने पुलिस पर किया पथराव, चौकी इंचार्ज समेत दो घायल
घटना होते ही चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार चालक की तलाश की जा रही है। साथ ही बस को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सेक्टर-104 तिराहे पर डग्गामार बस की चपेट में आकर बृहस्पतिवार सुबह डिलीवरी बॉय की मौत हो गई। घटना के बाद सैंकड़ों डिलीवरी बॉय मौके पर पहुंच गए और हंगामा किया। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर पथराव भी किया, जिसमें सलारपुर चौकी इंचार्ज समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद मृतक के परिजन सदमे में हैं।
पुलिस उपायुक्त राम बदन सिंह ने बताया कि 27 वर्षीय प्रवीण कुमार जनपद हाथरस के निवासी हैं। नोएडा में वह डिलीवरी बॉय का काम करते थे। आज सुबह वह सेक्टर-104 स्थित एक निजी डिलीवरी स्टोर पर जा रहे थे। तभी उन्हें एक अज्ञात बस चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि इस घटना में प्रवीण की मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर वहां पहुंची पुलिस ने शव को कब्ज में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि मौके पर कुछ लोग इकट्ठा हो गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज रही पुलिस पर उन्होंने पथराव कर दिया। इस घटना में सलारपुर चौकी प्रभारी अभिषेक मिश्रा और कांस्टेबल सुधीर को चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कुछ अन्य पुलिसकर्मियों को भी मामूली चोट आई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग करके भीड़ को तितर-बितर किया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
स्थानीय लोगों का दावा पहले पुलिस ने किया पथराव
स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि पुलिस ने जमा भीड़ पर एकदम लाठीचार्ज कर दिया। जिसके बाद भीड़ और गुस्सा गई और उन्होंने पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने और भी लोगों पर लाठी चलाई यही नहीं दावा है कि पुलिसकर्मियों ने महिलाओं के साथ भी बदसलूकी की। हालांकि पुलिस इन सभी दावों को नकार रही है।
चालक की तलाश जारी
घटना होते ही चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार चालक की तलाश की जा रही है। साथ ही बस को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। चालक को तलाश कर पुलिस उसपर सख्त कार्रवाई की बात कह रही है।
20 बार पहले भी नियम तोड़ चुकी है बस
बता दें कि जिस बस ने डिलीवरी बॉय को कुचला है वह पहले भी 20 बार नियमों का उल्लंघन कर चुकी है। यह जानकारी उस बस के लंबित चालानों से जुटाई गई है। बस द्वारा सभी तरह के नियमों का उल्लंघन किया जा चुका है। वहीं तीन माह बाद बस की निर्धारित उम्र भी पूरी होने जा रही है।
डग्गामार बसों पर नहीं हो रही कार्रवाई
बता दें कि डग्गामार बसों पर संबंधित विभागों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। आए दिन इनसे हादसे होते रहते हैं। सेक्टर-37 से डग्गामार वाहनों का बाकायदा सिंडिकेट संचालित होता है लेकिन फिर भी इनपर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। जिस बस से हादसा हुआ वह भी सेकटर-37 से परी चौक जा रही थी।
पुलिस पर पथराव करने वालों पर मामला दर्ज
पुलिस पर पथराव करने वाले लोगों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। चौकी इंचार्ज की शिकायत पर 10-15 लोगों पर मामला दर्ज किया गया । साथ ही चार लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। इनकी पहचान अरविंद गुरूदेव, संदीप, सविता के रूप में हुई है।
पढ़ें- पत्नी की न सुन मारी गोली: पति से अलग रह रही थी बीवी... साथ चलने से मना किया तो की फायरिंग; आरोपी गिरफ्तार