Weather Update: दिल्ली में सर्दी का सितम जारी, आज के लिए ऑरेंज अलर्ट, 10 साल बाद पड़ी सबसे ज्यादा ठंड
पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवा के कारण दिल्ली में जमा देने वाली ठंड पड़ रहा है। चार केंद्रों सफदरजंग, आयानगर, रिज व लोदी रोड में शीत लहर का प्रकोप रहा।
विस्तार
दिल्ली में ठंड का प्रकोप बदस्तूर जारी है। इसके अलावा कोहरे ने भी लोगों को परेशान कर रखा है। शीत लहर से फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है। गुरुवार को सर्दी और कोहरे की वजह से लोग हलकान रहे। न्यूनतम औसतन तापमान तीन डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं अधिकतम तापमान भी 16.5 डिग्री तक पहुंच गया। इस कारण बीते 10 सालों में पांच जनवरी सबसे ठंडा दिन रहा। ठंड के साथ ही कोहरे ने भी परेशान किया। सफदरजंग और पालम में सुबह 8:30 बजे दृश्यता 50 मीटर तक रही। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए भी शीत लहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवा के कारण दिल्ली में जमा देने वाली ठंड पड़ रहा है। चार केंद्रों सफदरजंग, आयानगर, रिज व लोदी रोड में शीत लहर का प्रकोप रहा। दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम तीन डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
सात जनवरी के बाद तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी
मौसम विभाग ने अभी सात जनवरी तक शीत लहर का अनुमान जताया है। उसके बाद न्यूनतम व अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। अधिकतम तापमान 18-20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7-8 डिग्री तक पहुंच जाएगा।
एनसीआर में गुड़गांव सबसे ठंडा
एनसीआर में गुरूग्राम सबसे ठंडा रहा। यहां अधिकतम तापमान 12.1 और न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 5.7, व फरीदाबाद में 5.9 और नोएडा में 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
कोहरे से थमी ट्रेनों की रफ्तार, 60 से अधिक प्रभावित
कोहरे के आगे एक बार फिर रेलवे की सभी तैयारी विफल साबित होने लगी है। कोहरे की वजह से एक्सप्रेस ट्रेनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई है। बृहस्पतिवार को 60 से अधिक ट्रेन प्रभावित हुई। इनमें ज्यादातर ट्रेनें 2 से 5 घंटे की देरी से चलीं।गोंडवाना व चेन्नई एक्सप्रेस जहां 5-5 घंटे की देरी से चली। वहीं ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस 3 घंटे, मुंबई-नई दिल्ली 4 घंटे, विशाखापत्तनम-आनंद विहार 5 घंटे, राजेंद्र नगर-नई दिल्ली 3 घंटे, बरौनी-नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस 3 घंटे, दरभंगा-नई दिल्ली 2:45 घंटे की देरी से चली। इसी तरह सप्तक्रांति, महाबोधी, सत्याग्रह, अयोध्या कैंट-दिल्ली, इंदौर-नई दिल्ली इंटरसिटी, भुवनेश्वर दुरंतो, बरेली-नई दिल्ली इंटरसिटी, लखनऊ-नई दिल्ली मेल व लखनऊ-नई दिल्ली एक्सप्रेस समेत कई ट्रेन घंटों देरी से अपने गंतव्य स्टेशन पर पहुंची।
ट्रेनों की लेटलतीफी की वजह से कई ट्रेन परिवर्तित समय से चलाई गई। इनमें मुख्य रूप से मेरठ सिटी-लखनऊ एक्सप्रेस सुबह 6:40 बजे की जगह 10:40 बजे रवाना की गई तो दिल्ली-कोटद्वार एक्सप्रेस सुबह 7 बजे की जगह 8:50 बजे रवाना की गई। परिवर्तित समय से ट्रेन चलने की वजह से यात्री स्टेशन पर अपने ट्रेन को लेकर परेशान हुए। वहीं दिल्ली पहुंचने वाली ट्रेनों की देरी से पहुंचने के कारण भी यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
