Delhi Weather : दिल्ली-एनसीआर में आज हल्की बारिश के आसार, चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग ने दिल्ली, एनसीआर (हिंडन एएफ स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम) करनाल, मेहम, रोहतक, भिवानी (हरियाणा) हस्तिनापुर, चांदपुर, अमरोहा (यूपी) के कुछ स्थानों और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।
विस्तार
राजधानी में फरवरी माह में गर्मी ने 72 साल में तीसरी बार रिकॉर्ड बनाया। 1951 से 2023 तक फरवरी का महीना तीसरा बार सबसे गर्म रहा। इस बार फरवरी का औसत अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री दर्ज हुआ। मंगलवार देर रात दिल्ली-एनसीआर में बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 घंटों के दौरान दिल्ली, एनसीआर (हिंडन एएफ स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम) करनाल, मेहम, रोहतक, भिवानी (हरियाणा) हस्तिनापुर, चांदपुर, अमरोहा (यूपी) के कुछ स्थानों और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश होगी।
इससे पहले वर्ष 2006 में सबसे अधिक औसत अधिकतम तापमान 29.7 और 1960 में 27.9 डिग्री सेल्सियस रहा था। इस साल 20 फरवरी को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री पहुंच गया था, इस कारण 55 साल में तीसरा बार इतना अधिक तापमान का रिकॉर्ड बना था। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 32.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
इस साल फरवरी की शुरुआत से ही तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। फरवरी के मध्य आते-आते गर्मी ने पसीने छुड़ाने शुरू कर दिए। बीते हफ्ते से अधिकतम तापमान सामान्य से पांच से सात डिग्री अधिक ही दर्ज हो रहा है। अमूमन फरवरी माह के अंत में तापमान 27.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री रहता है। लेकिन इस साल अधिकतम के साथ-साथ न्यूनतम तापमान भी बढ़ रहा है। तापमान में बढ़ोतरी का कारण मजबूत पश्चिमी विक्षोभ नहीं आने को बताया जा रहा है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिन भर चली तेज हवा
उत्तर पश्चिमी हिमालयन क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मंगलवार को दिन भर आंशिक रूप से बादल छाए रहे और 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटे की हवा चलती रही। बुधवार को भी लगभग ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। अगले सप्ताह तक तापमान 32-33 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 14-15 डिग्री के बीच बना रहेगा। इस कारण से मार्च में ही अप्रैल जैसी गर्मी का अहसास होगा।
वर्ष अधिकतम तापमान
2006 29.7 डिग्री सेल्सियस
1960 27.9 डिग्री सेल्सियस
2023 27.7 डिग्री सेल्सियस