अजान विवाद पर दिल्ली के शाही इमाम बोले- हम धर्मनिरपेक्ष देश के नागरिक, थोड़ा बर्दाश्त करें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मस्जिद के बाहर लाउडस्पीकर लगाने के मामले में बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम के आपत्ति जताए जाने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी खूब आलोचना हुई। पश्चिम बंगाल के एक मौलवी ने सोनू के खिलाफ फतवा तक जारी कर दिया।
लेकिन, दिल्ली के फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम डॉ. मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने संबंधित मस्जिद के लोगों से लाउडस्पीकर कम करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस्लाम में पड़ोसी को सबसे ऊपर बताया गया है। अगर पड़ोसी को लाउडस्पीकर से परेशानी है, तो उसकी आवाज को कम किया जाना चाहिए।
डॉ. मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने सोनू निगम के ट्वीट को लेकर कहा यह भी कहा कि वो मशहूर हैं। शायद इस तरह की बातों से वो लोगों का समर्थन हासिल करना चाहते हों। इमाम ने सोनू निगम को बर्दाश्त करने की नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि हम एक धर्मनिरपेक्ष देश में रहते हैं। अगर किसी को किसी धार्मिक व्यवस्था से थोड़ी तकलीफ होती है, तो कुछ तो बर्दाश्त करना चाहिए।
इमाम ने कहा कि कई बार मस्जिद के बाहर धार्मिक जुलूस और माता की चौकी तक लगाई जाती है, लेकिन हमने कोई आपत्ति नहीं दर्ज कराई। शाही इमाम ने कहा कि मजहब में सबसे पहले पड़ोसी का ध्यान रखने को कहा गया है, चाहे वह किसी भी धर्म का हो। अजान देते समय ख्याल रखा जाता है कि इससे बीमार और छात्र समेत किसी को परेशानी न हो।
सोनू निगम के इस ट्वीट से बढ़ा विवाद
सोनू निगम ने सोमवार को एक ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने सुबह मस्जिदों में होने वाली अजान पर सवाल उठाए थे। उन्होंने लिखा था, 'भगवान सब को खुश रखे। मैं मुस्लिम नहीं हूं और मुझे अजान की वजह से सुबह उठना पड़ा। भारत में कब धर्म को थोपा जाना बंद होगा।' सोनू ने आगे लिखा, 'जिस समय मोहम्मद साहब ने इस्लाम बनाया तब बिजली नहीं थी। फिर एडिसन की खोज के बाद हमें इसकी क्या जरूरत है?'
बॉलीवुड सिंगर ने मंदिरों में हो रही आरती और कीर्तन पर सवाल उठाते हुए कहा, 'मुझे नहीं लगता है कि कोई मंदिर या गुरुद्वारा इलेक्ट्रिसिटी का इस्तेमाल उन लोगों को उठाने के लिए करते हैं, जो उस धर्म का पालन नहीं करते। सब गुंडागर्दी है बस।'
बता दें कि ट्वीट को लेकर हो रहे विवाद के बाद पश्चिम बंगाल के एक मौलवी ने सोनू निगम के खिलाफ फतवा जारी किया है। फतवे के तहत जो कोई सोनू निगम का सिर मुंडवाकर उन्हें जूतों की माला पहनाकर देश में घुमाएगा, मौलवी उसे 10 लाख का ईनाम देंगे। फतवा जारी होने के कुछ देर बाद ही सोनू निगम ने अपना सिर मुंडवा लिया।