{"_id":"6aa7413d2b619431510bef07","slug":"delhi-ready-to-welcome-bappa-homes-and-pandals-decked-up-ganpati-to-be-installed-today-2026-09-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"बप्पा के स्वागत के लिए दिल्ली तैयार: सजे घर और पंडाल, आज विराजेंगे गणपति; उत्सव की शुरुआत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बप्पा के स्वागत के लिए दिल्ली तैयार: सजे घर और पंडाल, आज विराजेंगे गणपति; उत्सव की शुरुआत
Mon, 14 Sep 2026 06:05 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 14 Sep 2026 06:05 AM IST
सार
आज घरों और सार्वजनिक पंडालों में भगवान गणेश की मूर्ति की स्थापना के साथ गणेश उत्सव की शुरुआत होगी। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में गणेश उत्सव समितियों ने पंडालों को अंतिम रूप दे दिया है।
विज्ञापन
गणेशजी का मनमोहक शृंगार।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
गणपति बप्पा के स्वागत के लिए दिल्ली तैयार हो गई है। सोमवार को घरों और सार्वजनिक पंडालों में भगवान गणेश की मूर्ति की स्थापना के साथ गणेश उत्सव की शुरुआत होगी। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में गणेश उत्सव समितियों ने पंडालों को अंतिम रूप दे दिया है। कहीं भव्य सजावट की गई है तो कहीं गणेश भगवान की प्रतिमा के साथ आकर्षक धार्मिक झांकियां तैयार की गई हैं। घरों में भी पूजा स्थल सजाए जा रहे हैं।
विज्ञापन
गणेश उत्सव को लेकर बाजारों में भी रौनक है। श्रद्धालु गणेश प्रतिमा, फूल, पूजा सामग्री, सजावटी सामान और प्रसाद की खरीदारी कर रहे हैं। सोमवार को शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से गणेश भगवान की मूर्ति की स्थापना की जाएगी। इसके बाद पंडालों में दर्शन और धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा। गणेश उत्सव के दौरान आरके पुरम, कीर्ति नगर, लक्ष्मी नगर, उत्तम नगर, नेताजी सुभाष प्लेस, मंडी हाउस समेत कई इलाकों में बड़े सार्वजनिक आयोजन हो रहे है। कीर्ति नगर का दिल्ली का राजा, आरके पुरम गणेश उत्सव और नेताजी सुभाष प्लेस का लालबाग का राजा लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
विज्ञापन
गणेश भगवान की मूर्ति की स्थापना के लिए घरों में भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालु पूजा स्थल को फूलों और रोशनी से सजा रहे हैं। स्थापना के बाद गणेश भगवान को मोदक और अन्य प्रसाद अर्पित किए जाएंगे। कई परिवारों ने इस बार पर्यावरण अनुकूल प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी की है। सार्वजनिक पंडालों में स्थापना के बाद भजन-कीर्तन, आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। शाम होते ही पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगेगी। ढोल-नगाड़ों और गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के बीच दिल्ली अगले कई दिनों तक गणेश भक्ति के रंग में रंगी नजर आएगी।
विज्ञापन
सज गए पंडाल, घर-घर पहुंचे गणपति, आज से शुरू होगा गणेशोत्सव
गणपति बप्पा के स्वागत के लिए पूर्वी दिल्ली पूरी तरह तैयार है। मंदिरों, बाजारों, मोहल्लों और घरों में गणेशोत्सव की रौनक दिखाई देने लगी है। सोमवार से शुरू होने वाले दस दिवसीय उत्सव को लेकर लक्ष्मी नगर, शाहदरा, कृष्णा नगर, गांधी नगर, प्रीत विहार, विवेक विहार, दिलशाद गार्डन और यमुना विहार समेत आसपास के इलाकों में विशेष तैयारियां की गई हैं। रविवार को बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी।
पूजा सामग्री, फूल-मालाओं, सजावटी सामान और प्रसाद की दुकानों पर खास चहल-पहल रही। श्रद्धालुओं ने घरों में स्थापना के लिए प्रतिमाएं खरीदीं, जबकि विभिन्न संगठनों ने सार्वजनिक पंडालों के लिए भव्य प्रतिमाओं को अंतिम रूप दिया। कई जगह ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच गणपति की प्रतिमाएं पहुंचाई गईं।
पंडालों में भक्ति के साथ सुरक्षा के इंतजाम : पूर्वी दिल्ली के प्रमुख गणेश पंडाल रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और धार्मिक थीम से सजाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन मार्ग, सुरक्षा, स्वच्छता और पेयजल की व्यवस्था की गई है। कई पंडालों में सीसीटीवी और स्वयंसेवकों की तैनाती रहेगी। उत्सव के दौरान सुबह-शाम आरती, भजन-कीर्तन, गणेश वंदना, सुंदरकांड पाठ और धार्मिक प्रवचन होंगे। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगीत संध्या, नृत्य-नाटिका और बच्चों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
बाजारों में लौटी रौनक, सामाजिक संदेश भी देंगे मंडल : गणेशोत्सव से बाजारों में कारोबार भी तेज हुआ है। मिठाई की दुकानों पर मोदक और लड्डू की मांग बढ़ी है, वहीं फूल, पूजा सामग्री और सजावटी सामान के कारोबारियों को अच्छी बिक्री की उम्मीद है। श्रद्धालु घरों, दुकानों और कार्यालयों में गणेश स्थापना की तैयारियां पूरी कर चुके हैं।