{"_id":"5ba036bb867a557f032aca88","slug":"delhi-police-suspended-rohit-tomar-father","type":"story","status":"publish","title_hn":"लड़की की पिटाई कर वीडियो वायरल करने का मामला: मुख्य आरोपी के पिता को पुलिस ने किया निलंबित","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लड़की की पिटाई कर वीडियो वायरल करने का मामला: मुख्य आरोपी के पिता को पुलिस ने किया निलंबित
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Tue, 18 Sep 2018 04:50 AM IST
विज्ञापन
रोहित तोमर
तिलक नगर में लड़की की पिटाई का वीडियो वायरल करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित के पिता एएसआई अशोक तोमर को निलंबित कर दिया है। तिलक नगर में रहने वाली लड़की ने रोहित के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसमें उसने रोहित के पिता पर भी धमकाने का आरोप लगाया था। उसके बाद से आरोपी का पिता गायब है। उधर, उत्तम नगर थाना पुलिस ने रोहित को एक दिन की रिमांड पर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, तिलक नगर में रहने वाली लड़की ने रोहित के खिलाफ धमकी देने, मारपीट और छेड़छाड़ का मामला दर्ज करवाया था। शिकायत में उसने बताया था कि रोहित ने लड़की से मारपीट का वीडियो उसे भेजा था और उसे धमकी दी थी कि उसकी बात नहीं मानने पर उसका भी यही हाल करेगा। उसके बाद रोहित ने तिलक नगर की लड़की के घर पर आकर हंगामा किया था। शिकायत में पीड़िता ने बताया कि रोहित अपने पिता के दिल्ली पुलिस में होने की धौंस दिखाता था। उसने बताया कि रोहित के पिता ने भी उस पर उसकी बात मान लेने का दबाव बनाया था। रोहित के गिरफ्तार होते ही उसके परिवार वाले गायब हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत में अशोक का नाम आने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया है।
विज्ञापन
उधर, वीडियो में दिख रही लड़की ने भी रोहित के खिलाफ उत्तम नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई। जिसमें उसने रोहित पर दुष्कर्म करने और मारपीट करने का आरोप लगाया। उत्तम नगर थाना पुलिस ने इस मामले में वीडियो बनाने वाले कॉल सेंटर के मालिक और उसके चपरासी को गिरफ्तार कर लिया था। सोमवार को उत्तम नगर थाना पुलिस ने अदालत से रोहित को एक दिन की रिमांड पर लिया। पुलिस रोहित से पूछताछ कर पीड़िता के आरोप के बारे में जानकारी हासिल कर रही है
विज्ञापन