खुशखबरीः नए साल में मेट्रो कार्ड से कर पाएंगे डीटीसी बस में सफर
कॉमन मोबिलिटी कार्ड (सीएमसी) यानि एक ही कार्ड से मेट्रो फिर बस से सफर करने का लंबा इंतजार अब खत्म होने वाला है। दिल्लीवाले नए साल का स्वागत इस सुविधा के साथ कर सकते हैं।
वह मेट्रो के कार्ड से ही दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) बसों में भी सफर कर पाएंगे। खुल्ले पैसे की किल्लत भी खत्म हो जाएगी। दिल्ली मेट्रो के मुताबिक 18 लाख से ज्यादा लोग मेट्रो कार्ड धारक है।
डीटीसी के प्रवक्ता आर. एस मिन्हास के मुताबिक कॉमन मोबिलिटी कार्ड के लिए सबसे जरूरी बेसिक जरूरत इलेक्ट्रानिक टिकटिंग मशीन (ईटीएम) सभी बसों में लगा दिया गया है। ईटीएम लगाने के साथ हमने मेट्रो के साथ इस सेवा को शुरू करने के लिए जरूरी ट्रायल भी पूरे कर चुके है।
यानि मेट्रो कार्ड का ईटीएम के साथ प्रयोग करने से लेकर आपस में डीएमआरसी और डीटीसी के बीच किराये के पैसे का लेन देन जो कि कैशलेस होगा उसका भी ट्रायल हो चुका है।
मेट्रो बाद में डीटीसी का पैसा उसके अकाउंट में ट्रांसफर करेगा
डीटीसी के मुताबिक हमने अपनी तरफ से जरूरी औपचारिकताएं भी पूरी कर चुके है। डीएमआरसी को सभी जानकारी भेज चुके है। चूंकि यहां कैशलेस लेन देन का मामला है। शुरूआत में दिल्ली मेट्रो के कार्ड ही प्रयोग में आएंगे। इसलिए मेट्रो के कार्ड से बस में यात्रा के दौरान जो पैसा कटेगा वह मेट्रो के अकाउंट में जाएगा।
मेट्रो बाद में डीटीसी का पैसा उसके अकाउंट में ट्रांसफर करेगा। चूंकि डीएमआरसी एक कंपनी है यह पूरा लेनदेन कैशलेस तो इसके लिए आरबीआई (रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया) से मंजूरी लेना अनिवार्य है।
डीटीसी के मुताबिक डीएमआरसी को आरबीआई से मंजूरी मिलते ही हम इस सेवा को जल्द से जल्द शुरू कर देंगे। फिलहाल मेट्रो के कार्ड ही डीटीसी बस में चलेंगे। डीटीसी अपना कोई कॉमन मोबिलिटी कार्ड नहीं ला रहा है।
डीटीसी अधिकारियों की माने तो दूसरे चरण में अपने ही कार्ड लाने के साथ कंडक्टरलेस बसों को लेकर भी ट्रायल करेंगे। मगर कॉमन मोबिलिटी कार्ड के पहले चरण को सफल होने के बाद।