Weather in Delhi NCR: दिल्ली-एनसीआर में हो रही बारिश, लगातार तीन दिनों से मौसम खराब, ऑरेंज अलर्ट हुआ है जारी
Delhi NCR Rain Forecast: मौसम विभाग के मुताबिक, तीन अप्रैल से तापमान बढ़ना शुरू होगा और पांच अप्रैल आते-आते तापमान 32 डिग्री तक पहुंच जाएगा। बीते गुरुवार को भी शाम को मौसम का मिजाज बदल गया था।
विस्तार
दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों मौसम पल-पल में अपना मिजाज बदल रहा है। बीते दो दिनों से लगातार बारिश और तेज हवा चलने का दौर शुक्रवार को भी जारी रहा। मौसम विभाग ने इसके संकेत पहले ही दे दिए थे। विभाग ने कल ही शुक्रवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर अभी बना हुआ। इसके कारण शुक्रवार को भी तेज बारिश का अनुमान जताया था। इससे पहले बीते गुरुवार को भी मौसम का मिजाज अचानक बदला था। सुबह धूप खिलने के बाद शाम होते ही मौसम ने करवट ली थी। जिससे दिल्ली-एनसीआर में शाम होते-होते तेज हवा चलने के साथ ही झमाझम बारिश हुई। ऐसे में कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति भी काफी देर के लिए बाधित हो गई थी। मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश का यह दौर 31 मार्च को भी जारी रह सकता है। इसके साथ ही गरज और चमक के साथ तेज हवा चलने की भी संभावना भी जताई गई है। इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज होगी। चार अप्रैल के बाद से एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी होने का पूर्वानुमान है।
आज के लिए ऑरेंज अलर्ट किया गया है जारी
विभाग ने शुक्रवार के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। बारिश के साथ हवा चलने की संभावना जताई थी। इस कारण से तापमान 27 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी गिरकर 15 डिग्री तक पहुंच जाएगा।
तीन अप्रैल से बढ़ना शुरू होगा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, तीन अप्रैल से तापमान बढ़ना शुरू होगा और पांच अप्रैल आते-आते तापमान 32 डिग्री तक पहुंच जाएगा। बीते गुरुवार को भी शाम को मौसम का मिजाज बदल गया था और कुछ इलाकों में बारिश हुई थी। मौसम विभाग ने तीन दिन तक बारिश की भविष्यवाणी की थी। इसके अनुसार अभी शुक्रवार और शनिवार को भी बदरा बरसेंगे।