संवेदनहीनता!: मिनी बस से टच हुई बाइक तो चाकू से किया लहूलुहान, भागकर मदद मांगते-मांगते गई जान
मृतक साहिल का भाई नजफगढ़ रोड पर स्थित जिम से कसरत कर लौट रहा था। वह जैसे ही नांगलोई मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचा, उसकी मोटरसाइकिल वहां पहले से खड़ी मिनी बस से टच हो गई।
विस्तार
दिल्ली के नांगलोई इलाके से रोड रेज की एक ऐसी घटना सामने आ रही है, जिसमें एक छोटी सी बात को लेकर एक युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया, जिसमें युवक की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, रोड रेज के चलते हुए झगड़े के बाद एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान साहिल मलिक के रूप में हुई है। मृतक के भाई का नांगलोई मेट्रो स्टेशन के पास मिनी बस चालक से बाइक टच होने की मामूली सी बात पर झगड़ा हुआ था।
बताया जा रहा है कि मृतक साहिल का भाई नजफगढ़ रोड पर स्थित जिम से कसरत कर लौट रहा था। वह जैसे ही नांगलोई मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचा, उसकी मोटरसाइकिल वहां पहले से खड़ी मिनी बस से टच हो गई।
इसी के बाद साहिल के भाई और विशाल और मिनी बस चालक में बहस हो गई। विशाल के चाचा का आरोप है कि बहस के बीच बस चालक और उसके साथियों ने विशाल की पिटाई कर दी। इसकी शिकायत करने के लिए विशाल पास के थाने चला गया।
आरोप है कि विशाल की शिकायत सुनने के बाद भी पुलिसवाले उसके साथ जाकर उसकी बाइक लाने को तैयार नहीं हुए बल्कि उन्होंने साफतौर पर उसे मना कर दिया और खुद बाइक लाने को कहा। इसके बाद विशाल ने अपने छोटे भाई को फोन कर बाइक उठाने और थाने आने को कहा।
जब साहिल बाइक उठाने मौके पर गया तो कुछ लड़कों ने चाकू से उस पर हमला कर दिया। इसके बाद का घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद है जिसमें देखा जा सकता है कि साहिल सड़क पर तड़प रहा था उसके शरीर से खून बह रहा था लेकिन कोई भी उसकी मदद को आगे नहीं आया।
किसी तरह विशाल साहिल को लेकर अस्पताल पहुंचा तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 25 वर्षीय साहिल मलिक उद्योग नगर में हुंडई शोरूम में काम करता था। दफ्तर से लौटने के दौरान यह वारदात हुई।