सरकारी दफ्तरों की कॉलर ट्यून 'मोदी आने वाला है'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तीनों नगर निगम के भाजपा पार्षद सरकारी पैसे से अपनी पार्टी के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी का प्रचार करने में जुटे हैं। पार्षदों पर आचार संहिता लागू हो जाने का भी कोई असर नहीं दिख रहा है।
उन्होंने नगर निगम से मिले मोबाइल फोन नंबरों पर नरेंद्र मोदी के गुणगान करने वाली कॉलर ट्यून लगा रखी है। संबंधित मोबाइल कंपनी कॉलर ट्यून के लिए हर उपभोक्ता से प्रतिमाह 30 रुपये का चार्ज वसूलती है। नगर निगम, पार्षदों के मोबाइल फोन को प्रतिमाह रिचार्ज कराता है।
भाजपा के अधिकतर पार्षदों के तीनों नगर निगम से मिले मोबाइल फोन पर आजकल ‘है यकीन कि सन् चौदह में मोदी आने वाला है, मोदी आने वाला है’ कॉलर ट्यून सुनाई देती है।
तो ये है 1500 रुपये का कमाल
इनमें तीनों नगर निगम के महत्वपूर्ण पदों पर निर्वाचित और नियुक्त पार्षद भी शामिल हैं। दिलचस्प यह है कि मोदी का प्रचार करने वाली यह कॉलर ट्यून सुनाने के लिए पार्षद खासे देर से फोन उठाते हैं।
सूत्रों के अनुसार भाजपा ने मोदी के प्रचार के लिए विशेष तौर पर यह कॉलर ट्यून तैयार कराई है। आलाकमान के निर्देश के बाद पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के मोबाइल फोन पर इन दिनों यही कॉलर ट्यून सुनाई देती है।
इसी तर्ज पर पार्टी के पार्षदों ने नगर निगम से मिले मोबाइल फोन पर मोदी के प्रचार वाली कॉलर ट्यून लगा रखी है। बताते चलें कि नगर निगम अपने पार्षदों को प्रतिमाह मोबाइल फोन रिचार्ज कराने के लिए 1500 रुपये देता है।
ट्यून हटवाने की कवायद शुरू
भाजपा पार्षदों के सरकारी मोबाइल फोन पर नरेंद्र मोदी के प्रचार वाली कॉलर ट्यून बचने के बारे में दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के आयुक्त मनीष गुप्ता ने पूरी तरह अनभिज्ञता जताई। हालांकि इस बारे में अमर उजाला से जानकारी मिलते ही वे हरकत में आ गए। उन्होंने तत्काल मोदी के प्रचार वाली कॉलर ट्यून हटवाने की प्रक्रिया आरंभ कर दी। उन्होंने माना कि सरकारी फोन व राजस्व का राजनीतिक दलों के प्रचार में उपयोग होना गलत है।
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के नेता सदन मीरा अग्रवाल का कहना है कि नरेंद्र मोदी के प्रचार वाली कॉलर ट्यून सुनाने में सरकारी खजाने का दुरुपयोग नहीं हो रहा है। इनकमिंग का कोई चार्ज नहीं लगता। इसके अलावा मोदी के प्रचार वाली टोन का भी चार्ज नहीं लग रहा है।
वहीं दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के नेता विपक्ष फरहाद सूरी का कहना है कि भाजपा पार्षद, नगर निगम के खजाने का इस्तेमाल नरेंद्र मोदी के प्रचार में कर रहे हैं। इस संबंध में भाजपा पार्षदों के समक्ष विरोध जताया गया है और चुनाव कार्यालय से शिकायत की गई है। इस प्रकरण पर भाजपा पार्षदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की गई है।