{"_id":"6aa6ff582fcd5b4d0f06f727","slug":"delhi-massive-fire-breaks-out-at-a-plywood-and-chemical-warehouse-four-cylinders-explode-2026-09-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"पूर्वी दिल्ली में हादसा: प्लाईवुड-केमिकल गोदाम में लगी भीषण आग, चार सिलिंडर फटे; देर रात तक चलता रहा शमन कार्य","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पूर्वी दिल्ली में हादसा: प्लाईवुड-केमिकल गोदाम में लगी भीषण आग, चार सिलिंडर फटे; देर रात तक चलता रहा शमन कार्य
Mon, 14 Sep 2026 01:24 AM IST
दुष्यंत शर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 14 Sep 2026 01:24 AM IST
सार
राहत की बात रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
विज्ञापन
आग से उठता काला धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पूर्वी दिल्ली के दल्लूपुरा इलाके में रविवार दोपहर प्लाईवुड, पीवीसी पैनल और केमिकल से भरे एक बड़े गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखे सामान ने कुछ ही देर में लपटों का रूप ले लिया। इस दौरान एक-एक कर चार सिलिंडर में धमाके हुए। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि ये एलपीजी सिलिंडर थे। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की 31 गाड़ियों को लगाया गया। देर रात आग बुझाई नहीं जा सकी। राहत की बात रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
विज्ञापन
आग लगने के समय गोदाम में करीब एक दर्जन कर्मचारी मौजूद थे। आग की सूचना मिलते ही सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए। शुरुआती स्तर पर आग गोदाम के एक हिस्से में थी, लेकिन ज्वलनशील सामग्री के कारण देखते ही देखते पूरे परिसर में फैल गई। करीब तीन हजार गज में फैले इस गोदाम को चारों तरफ से टिन शेड से बनाया गया था और अंदर अलग-अलग हिस्सों में सामान रखा था।
विज्ञापन
पूर्वी जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 3:29 बजे दल्लूपुरा में खेड़ा मंदिर के पास स्थित गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और दमकल की 12 गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं। आग बढ़ने पर अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। पुलिस और बचाव दल ने एहतियातन आसपास की इमारतों को खाली कराया। गोदाम धर्मशिला कैंसर अस्पताल से करीब 500-600 मीटर दूर था। हवा अस्पताल से विपरीत दिशा में चलने के कारण धुआं सीधे अस्पताल की ओर नहीं गया, हालांकि काली राख आसपास के इलाके में फैल गई।
विज्ञापन
दमकल अधिकारियों के मुताबिक, गोदाम का क्षेत्रफल बड़ा होने और अंदर भारी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग पर काबू पाने में काफी मुश्किल आई। आग से उठता काला धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। मौके पर डीडीएमए और कैट्स एंबुलेंस की टीम भी मौजूद रही।
आग के कारणों की होगी विस्तृत जांच
आग बुझाने के दौरान दमकल विभाग के एसटीओ सुनील कुमार धुएं की चपेट में आकर बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल एंबुलेंस से लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। पुलिस के मुताबिक, आग पर काबू पाने के बाद ही घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी। हालांकि शुरुआती जांच में वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से आग भड़कने की बात सामने आई है।
नोएडा लिंक रोड पर लगा जाम
गोदाम में आग लगने के बाद नोएडा लिंक रोड पर भी यातायात प्रभावित हुआ। कई किलोमीटर दूर से धुआं दिखाई देने के कारण वाहन चालकों ने चिल्ला बॉर्डर से पहले फ्लाईओवर पर अपने वाहन रोक दिए, जिससे जाम लग गया। नीचे की सड़क पर भी वाहनों की रफ्तार प्रभावित रही।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
आग की तस्वीरें और वीडियो बनाकर लोगों ने सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किए। ब्ल्यू लाइन मेट्रो से गुजर रहे यात्रियों ने भी धुएं का वीडियो साझा करते हुए घटना की जानकारी मांगी।