सुप्रीम कोर्ट जाएगी दिल्ली सरकार, सिसोदिया ने कहा ये नहीं है सीएम बनाम एलजी की जंग
उपराज्यपाल व दिल्ली सरकार में अधिकारों को लेकर हाईकोर्ट के फैसले का सम्मान करने की बात करते हुए आप सरकार सुप्रीम कोर्ट में मामले की अपील करने जा रही है।
सरकार अगले एक हफ्ते में सुप्रीम कोर्ट में अर्जी डाल सकती है। दिल्ली सचिवालय में मीडिया से बात करते हुए उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि यह मुख्यमंत्री बनाम राज्यपाल की लड़ाई नहीं है।
यह भारी बहुमत से चुनी गयी सरकार और चयनित अधिकारी की जंग है। सिसोदिया ने कहा कि मामले की तह में जाने के लिए हमें सोचना होगा कि सरकार को हाईकोर्ट जाने की जरूरत क्यों पड़ी ?
'चुनाव के दौरान लोगों ने हमसे खासी उम्मीदें रख रखी थीं'
सिसोदिया के मुताबिक, चुनाव के दौरान लोगों ने हमसे खासी उम्मीदें रख रखी थीं। दिल्ली सरकार उन्हें पूरा करने के लिए काम भी कर रही थी। लेकिन भ्रष्टाचार को रोकने के लिए जब एसीबी ने एक एसएचओ को रंगे हाथों रिश्वत लेते पकड़ा तो एसीबी को दिल्ली सरकार से ले लिया गया।
जो ट्रांसफर पोस्टिंग एक धंधा बन गया था, उसे भी उपराज्यपाल के अधीन कर दिया गया। किसानों की जमीनों के दाम को बढ़ाया तो उसको रोक दिया गया। दिल्ली में साफ पानी देने के लिए लोगों पर कार्रवाई की, तो उससे रोका गया।
बावजूद इसके दिल्ली सरकार लोगों की उम्मीदों को पूरा करने पर काम करती रही। सिसोदिया ने बताया कि वह हाईकोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं। लेकिन दिल्ली सरकार फैसले से असहमत है। इसलिए फैसले के खिलाफ सरकार सुप्रीम कोर्ट में अपील करेगी।