मोबाइल पर पता चलेगा आलू-प्याज का दाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आलू-प्याज की कीमतों को काबू करने के लिए दिल्ली सरकार ने मोबाइल का सहारा लिया है। बुधवार से नागरिकों के मोबाइल पर आलू-प्याज के थोक व फुटकर दाम का एसएमएस भेजने की शुरुआत हो गई।
दाम से संबंधित एसएमएस हर दूसरे दिन भेजा जाएगा। उम्मीद जताई गई है कि सरकार की ओर से थोक व फुटकर के दाम मिलने पर लोग आलू-प्याज खरीदने के लिए मोलभाव करेंगे या अन्य सरकारी स्टोर पर जाकर खरीदेंगे।
दिल्ली सरकार का ये फैसला बढ़ती महंगाई में लोगों के लिए काफी मददगार साबित हो सकता है।
आलू प्याज की सही कीमत बताएगा मैसेज
राजधानी में आलू-प्याज समेत आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमत पर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, उपराज्यपाल, मुख्य सचिव और प्रधान वित्त सचिव अपने-अपने स्तर पर बैठकें ले चुके हैं।
इनमें इस बात पर जोर दिया गया है कि थोक व फुटकर कीमतों के बीच बड़ा अंतर न हो। इसके लिए जागरुकता कार्यक्रम चलाए जाएं। इसी कड़ी में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने एसएमएस सेवा शुरू की।
विभाग के मुताबिक प्याज की थोक कीमत 13-25 रुपये व आलू की 12-22 रुपये है, जबकि फुटकर में आलू-प्याज की औसत कीमत 28 रुपये चल रही है। वहीं सरकारी कार्यालयों में आलू-प्याज 23 रुपये प्रति किलो की दर से बेचा जा रहा है।
शिकायत हो तो इस नंबर पर करें फोन
खाद्य आपूर्ति आयुक्त सज्जन सिंह यादव का कहना है कि एसएमएस सेवा से लोग जागरूक होंगे। जब फुटकर विक्रेता आलू-प्याज बहुत महंगा देगा तो लोग एसएमएस में दी गई कीमत को देखकर मोलभाव करेंगे।
इतना ही नहीं सरकारी दुकानों पर दाम पता होंगे तो वहां जाकर भी ले सकेंगे। लोगों को अगर किसी तरह की शिकायत है तो वह नंबर 1967 पर फोन कर सकता है। विभाग के पास 16 लाख नंबर हैं, उन्हें दो किस्तों में एसएमएस भेजे जाएंगे।