{"_id":"6793ff98043efc50af0c5b3c","slug":"delhi-elections-2025-congress-promised-to-create-a-ministry-for-purvanchalis-2025-01-25","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली चुनाव 2025 : कांग्रेस ने किया पूर्वांचलियों के लिए मंत्रालय बनाने का वादा, कहा- बजट भी बनेगा अलग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली चुनाव 2025 : कांग्रेस ने किया पूर्वांचलियों के लिए मंत्रालय बनाने का वादा, कहा- बजट भी बनेगा अलग
Sat, 25 Jan 2025 05:57 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sat, 25 Jan 2025 05:57 AM IST
सार
राज्यसभा सांसद व बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह, कांग्रेस कम्युनिकेशन विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत, पार्टी सचिव प्रणव झा और कन्हैया कुमार ने प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में योजनाओं को जनता के समक्ष रखा। उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस की सरकार बनने पर दिल्ली में पूर्वांचल मंत्रालय बनेगा और उनके विकास के लिए अलग बजट के साथ सब-प्लान लागू होगा।
विज्ञापन
दिल्ली विधानसभा चुनाव
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कांग्रेस आलाकमान ने चुनाव में पूर्वांचलियों को साधने के लिए शुक्रवार को पूर्वांचल के नेताओं को मैदान में उतारा। राज्यसभा सांसद व बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह, कांग्रेस कम्युनिकेशन विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत, पार्टी सचिव प्रणव झा और कन्हैया कुमार ने प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में योजनाओं को जनता के समक्ष रखा। उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस की सरकार बनने पर दिल्ली में पूर्वांचल मंत्रालय बनेगा और उनके विकास के लिए अलग बजट के साथ सब-प्लान लागू होगा।
विज्ञापन
अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि भाजपा और आप ने हमेशा पूर्वांचलवासियों को वोट बैंक की तरह देखा और भेदभाव किया। केजरीवाल और भाजपा नेताओं के बयान पूर्वांचलवासियों के प्रति उनकी नकारात्मक सोच को दर्शाते हैं, जबकि कांग्रेस पूर्वांचलवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रणव झा ने कहा कि दिल्ली के विकास में पूर्वांचलवासियों का अहम योगदान रहा है।
विज्ञापन
उन्होंने शीला दीक्षित सरकार के कार्यकाल में छठ महापर्व के आयोजन और पूर्वांचल की सांस्कृतिक पहचान को महत्व देने की बात दोहराई। दिल्ली में 20 विधानसभा सीटों पर पूर्वांचलवासी प्रत्यक्ष और 45 सीटों पर अप्रत्यक्ष रूप से चुनाव परिणामों को प्रभावित करते हैं। उन्होंने छठ महापर्व को महाकुंभ की तर्ज पर भव्य रूप से आयोजित करने का वादा किया। वहीं, सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि भाजपा-आप केवल पूर्वांचलियों को वोट बैंक के रूप में देखते हैं। दिल्ली के विकास की रीढ़ रहे पूर्वांचलवासी अब भी गंदगी और बदहाली में जीवन जीने को मजबूर हैं। कांग्रेस की सरकार बनने पर पूर्वांचल के 30-35 लाख लोगों के लिए अलग मंत्रालय बनाकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
विज्ञापन
जबकि कन्हैया कुमार ने कांग्रेस की पांच गारंटियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार हर घर को कूपन देगी, जिससे परिवारों को पांच साल में 10 लाख रुपये की बचत और 25 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। इसके अलावा महिलाओं को 2500 रुपये प्रति माह प्यारी दीदी योजना के तहत और युवाओं को पहली नौकरी के लिए 8500 रुपये मासिक अप्रेंटिसशिप भत्ता दिया जाएगा। इसके अलावा कांग्रेस की यह पहल दिल्लीवालों को महंगाई से राहत, शिक्षा, स्वास्थ्य और वित्तीय सुरक्षा प्रदान करेगी। साथ ही, 500 रुपये में गैस सिलिंडर और मुफ्त राशन की योजना भी लागू की जाएगी।