उज्बेकी मासूम को मिली नई जिंदगी: आंत के हिस्से से बनाया ब्लैडर, तीन वर्षीय बच्चा कैंसर की बीमारी से था पीड़ित
उजबेकिस्तान का रहने वाला तीन वर्षीय बच्चा कैंसर की बीमारी से पीड़ित था। द्वारका स्थित एक अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे में कैंसर की वजह से उसका पूरा यूरिनरी ब्लैडर खराब हो गया था। डॉक्टरों ने उसकी आंत के एक छोटे से हिस्से से पूरी तरह से काम करने लायक ब्लैडर (मूत्राशय) को बनाया।
विस्तार
उज्बेकी मासूम को मिली नई जिंदगी: तीन वर्षीय बच्चा कैंसर की बीमारी से था पीड़ित, आंत के हिस्से से बनाया ब्लैडर
उजबेकिस्तान निवासी कैंसर से पीड़ित तीन वर्षीय बच्चे को दिल्ली में नया जीवन मिला है। डॉक्टरों की टीम ने बच्चे की आंत के छोटे हिस्से का उपयोग कर ब्लैडर बनाया। अब बच्चा सामान्य है और पूरी तरह से ठीक है।
द्वारका स्थित एक अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे में कैंसर की वजह से उसका पूरा यूरिनरी ब्लैडर खराब हो गया था। डॉक्टरों ने उसकी आंत के एक छोटे से हिस्से से पूरी तरह से काम करने लायक ब्लैडर (मूत्राशय) को बनाया। डॉक्टरों ने सर्जरी के जरिये मूत्राशय को भरने और मूत्र को बाधित करने वाले ट्यूमर के मांस को हटाया।
डॉक्टरों ने बताया कि मरीज सरवरबेक शवकातो जब पैदा हुआ तो जन्मजात से ही एम्ब्र्योनाल रैबडोमायोसरकोमा से पीड़ित था। इस तरह का कैंसर बच्चों के ऊतकों में होने वाला सबसे आम प्रकार का कैंसर है। इस कैंसर से आम तौर पर सिर और गर्दन के आसपास का हिस्सा, साथ ही जननांग या मूत्र के अंग प्रभावित होते हैं। इस केस में पेल्विस और मूत्राशय क्षेत्र में समस्या हुई थी। बच्चे की पूर्व में कीमोथेरेपी हुई थी।
अस्पताल के डॉक्टर अरुण गिरी के मुताबिक, मूत्राशय बनाने के लिए बच्चे की छोटी आंत के एक छोटे से टुकड़े का उपयोग किया गया है। आंत से एक नया मूत्राशय बनाने के साथ पुराने को हटा दिया, जिससे बच्चे को मूत्राशय की समस्या से निजात मिली। सर्जरी के बाद बच्चा पूरी तरह से ठीक हो गया है और अब वह बिना किसी परेशानी के यूरिन कर रहा है।