फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Delhi Assembly Elections: Round of allegations and counter-allegations in election meetings

Delhi Elections : चुनावी सभाओं में आरोप-प्रत्यारोप का दौर, भाजपा ने आप को घेरा; कांग्रेस ने किया वापसी का दावा

Sat, 25 Jan 2025 05:57 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Sat, 25 Jan 2025 05:57 AM IST
सार

तीनों पार्टियों अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही हैं और विरोधी दलों पर हमलावर हैं। 

विज्ञापन
Delhi Assembly Elections: Round of allegations and counter-allegations in election meetings
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर और अरविंद केजरीवाल - फोटो : एएनआई

विस्तार

दिल्ली के सत्ता संग्राम में आप, भाजपा और कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। तीनों पार्टियों अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही हैं और विरोधी दलों पर हमलावर हैं। 

विज्ञापन


जनता कह रही दिल्ली में बनेगी आप की सरकार : केजरीवाल
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को नजफगढ़, उत्तम नगर और द्वारका विधानसभा में जनसभा कर पार्टी के लिए समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि आम जनता ने ठान लिया है कि वह काम करने वाली पार्टी आप की सरकार बनाएगी। भाजपा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की 20 राज्यों में सरकार है, लेकिन उसके किसी भी राज्य में न तो स्कूल अच्छे हैं और न ही 24 घंटे बिजली आती है। 
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि हमने 10 साल में कड़ी मेहनत करके दिल्ली के सरकारी स्कूलों को ठीक किया है। 24 घंटे और मुफ्त बिजली दी है। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने 10 साल पहले मुझे जिम्मेदारी दी थी। मैंने 10 साल पहले जो वादे किए थे वो सारे पूरे किए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि वह बताएं कि उत्तर प्रदेश में कितने घंटे बिजली आती है। वहां के प्राइमरी स्कूलों की क्या स्थिति है। उनमें बच्चे कितने पढ़ते हैं और कितने स्कूलों में लिफ्ट समेत अत्याधुनिक सुविधाएं हैं।  
विज्ञापन
विज्ञापन


संजय सिंह ने की जनसभा : सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को शालीमार बाग, मंगोलपुरी, सुल्तानपुर माजरा और नांगलोई जाट विधानसभा में जनसभा की। उन्होंने कहा कि भाजपा न तो इस देश को और न ही हमारे बच्चों को कोई भविष्य दे सकती है। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में फ्री बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य की सुविधाएं देकर हर तबके को राहत पहुंचाई है। आप सरकार ने दिल्ली में 550 मोहल्ला क्लीनिक, स्कूलों में 23 हजार कमरे बनवाए और 6800 किमी सीवर व 4 हजार किमी पानी की पाइप लाइन डाली। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अभियान चलाकर दिल्ली में यूपी, बिहार, पूर्वांचल के लोगों का वोट कटवाया।

भाजपा ने बंद की बुजुर्गों की सुविधा 
केजरीवाल ने कहा कि भाजपा वाले जनता को कुछ देते नहीं हैं, बल्कि जनता को मिली सुविधाएं छीन लेते हैं। रेलवे में पहले बुजुर्गों को किराए में 50 फीसदी की रियायत मिलती थीं। भाजपा ने यह रियायत देनी भी बंद कर दी। भाजपा ने मुझे जेल में डालकर दिल्ली की जनता को भी बहुत परेशान किया। मुझे पता चला कि इन्होंने बिजली के बिल व पेयजल सप्लाई गड़बड़ कर दी। फर्जी केस बनाकर नरेश बाल्यान को जेल में डाल दिया। 

‘पुलिस के संरक्षण में चेन, पैसे     और जूते बंट रहे’
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को जनता से कहा कि चुनाव में पैसे व तोहफे देने वालों को वोट न दें। वर्चुअल माध्यम से केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पुलिस के संरक्षण में एक दल के नेता पैसे, साड़ी, जूते व सोने की चेन बांट रहे हैं। 

अक्सर चुनावों में कहा जाता है कि चुनाव से पहले वाली रात कत्ल की रात होती है। उस रात को खूब शराब, पैसे और मुर्गा बंटता है, लेकिन दिल्ली का यह चुनाव एक अलग ही चुनाव है। इसमें चुनाव से डेढ़ महीने पहले से ही खुलेआम पैसे और सामान बंटना शुरू हो  गया है। 1100-1100 रुपये बांटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी को कोई डर नहीं है। 

ये जितना सामान और पैसा बांट रहे हैं, सब ले लो। चिंता मत करो, लेकिन अपना वोट मत बेचना। गरीब और मध्य वर्ग के लोग सयाने होते हैं अपना वोट नहीं बेचेंगे। वोट देने का अधिकार बाबा साहब आंबेडकर ने दिया है। अगर वोट बिकने लगे तो देश में बड़े-बड़े साहूकारों का राज हो जाएगा। 

अनुराग ठाकुर बोले- आप का रवैया पूरी तरह महिला विरोधी
भाजपा के स्टार प्रचारक व पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगोलपुरी, नई दिल्ली और द्वारका विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं कर आप व पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखे हमले बोले। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार महिलाओं का अपमान और उनके साथ अन्याय करने वाली बन गई है।

केजरीवाल और उनकी पार्टी का रवैया पूरी तरह महिला विरोधी है। उनकी सरकार में महिलाओं पर अत्याचार और अपमान आम बात हो गई है। स्वाति मालीवाल जैसी अपनी ही पार्टी की महिला सांसद को घर बुलाकर पिटवाना और अभद्र टिप्पणी करवाना इस बात का प्रमाण है। 

मुख्यमंत्री आतिशी को पोस्टरों और चुनावी अभियानों से गायब कर दिया गया है। यह दर्शाता है कि केजरीवाल महिलाओं को सशक्त करने के बजाय उन्हें दबाने में यकीन रखते हैं। उन्होंने छठ पूजा के दौरान यमुना में गंदे और झाग भरे पानी में महिलाओं के खड़े होने की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह केजरीवाल सरकार की संवेदनहीनता और प्रशासनिक विफलता का उदाहरण है। सोमनाथ भारती का जिक्र करते हुए कहा कि आप के नेता अपनी पत्नी के साथ हिंसा करते हैं और केजरीवाल चुप्पी साधे रहते हैं। 

पंजाब की महिलाओं से 1000 रुपये देने का वादा करके मुकर जाने और विरोध करने वाली महिलाओं को भाजपा का बताकर अपमान करने का कदम केजरीवाल के महिला विरोधी रवैये को और स्पष्ट करता है।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने बेटियों के लिए स्कूल तो नहीं खोले, लेकिन हर गली में शराब के ठेके जरूर खुलवा दिए। इससे घरेलू हिंसा और सामाजिक समस्याएं बढ़ीं। आप सरकार ने शराब और टैंकर माफिया को बढ़ावा देकर महिलाओं की रोजमर्रा की समस्याएं और बढ़ा दी हैं। केजरीवाल सरकार महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों पर हमला करती रही है। 

सचिन पायलट बोले- दिल्ली में कांग्रेस की वापसी तय
कांग्रेस महासचिव और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने शुक्रवार को मादीपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश और दिल्ली की जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है। भाजपा और आप ने लाखों रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन इन मुद्दों पर बात करने से दोनों पार्टियां भाग रही हैं। ऐसे में दिल्ली में कांग्रेस की वापसी तय है।

केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के दलित समाज, विशेषकर सफाई कर्मचारियों को धोखा दिया। उन्होंने दलितों के लिए कोई ठोस काम नहीं किया,  केवल वादे और निजीकरण की राजनीति की। अब दलित समाज से वोट मांगने का कोई नैतिक अधिकार उनके पास नहीं है। उन्होंने भाजपा और आप सरकारों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि शराब घोटाले से लेकर शीश महल तक दोनों सरकारें केवल सत्ता के खेल में जुटी रहीं।

वर्ष 2013-14 से जनता को धोखा देने का सिलसिला जारी है, जिससे दिल्ली की हालत बदतर हो गई है। शीला दीक्षित के कार्यकाल में दिल्ली को विश्व स्तर पर सराहा गया था। बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और इन्फ्रास्ट्रक्चर में दिल्ली आगे थी। सत्ता में आने के बाद कांग्रेस तुरंत प्यारी दीदी योजना लागू करेगी, जिससे हर महिला को 2500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे।

स्वास्थ्य और सुविधाओं के नाम पर आप ने दिया धोखा : धामी
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पटेल नगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी राजकुमार आनंद के पक्ष में जनसभा की। इस दौरान उन्होंने दिल्ली सरकार की विफलताओं का हवाला देते हुए कहा कि दिल्लीवासियों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के नाम पर सिर्फ धोखा दिया गया है।

आप सरकार ने जनता को सिर्फ वादों का ढकोसला दिया है, उसने कोई ठोस काम नहीं किया। उन्होंने भाजपा के कार्यों और सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने जो भी संकल्प लिए हैं, उन्हें पूरा किया है। कश्मीर से धारा 370 का हटना, श्रीराम मंदिर का निर्माण व समान नागरिक संहिता कानून लागू करना हमारे विकासात्मक दृष्टिकोण का हिस्सा हैं।

उन्होंने दिल्लीवासियों को विश्वास दिलाया कि भाजपा के नेतृत्व में दिल्ली और उत्तराखंड में समान रूप से विकास होगा। उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण को भी एक महत्वपूर्ण कदम बताया। धामी ने कांग्रेस और आप को एक जैसा बताते हुए कहा कि इन दोनों पार्टियों में भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण व हिंदू संस्कृति का अपमान करने की सोच एक जैसी है।

आप ने पावर डिस्कॉम्स से मिलकर किया घोटाला : भाजपा
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने शुक्रवार को दिल्ली सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केजरीवाल के कार्यकाल का सबसे बड़ा घोटाला पावर डिस्कॉम्स (बिजली कंपनियों) के साथ मिलकर किया गया। इसके तहत बिजली बिलों में पीपीएसी, पेंशन सरचार्ज, मीटर किराया और फिक्स चार्ज लगाया गया। उन्होंने केजरीवाल के 24 घंटे बिजली आपूर्ति के दावे पर भी सवाल उठाया। दिल्ली के मध्यवर्गीय आवासीय और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को 9 से 13 रुपये प्रति यूनिट की उच्च दरों पर बिजली खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है। दिल्ली में बिजली आपूर्ति की स्थिति 1997 में भाजपा सरकार के दौरान सुधरने लगी थी। 

आतिशी ने की गोविंदपुरी और नवजीवन कैंप में पदयात्रा
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने शुक्रवार को गोविंदपुरी और नवजीवन कैंप में पदयात्रा  की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा को लगता है कि आप को डराया और चुप करवाया जा सकता है, लेकिन हम आम आदमी पार्टी के सिपाही हैं। हम डरने वाले नहीं हैं। 

केजरीवाल ने कोविड काल में घोटालों के अवसर ढूंढे : भाजपा
भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर कोविड काल में घोटालों के जरिए कमाई करने का आरोप लगाया है। केंद्रीय राज्य मंत्री सरदार रवनीत सिंह बिट्टू व प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड आपदा को सेवा का अवसर बताया था, लेकिन केजरीवाल ने इसे घोटाले और संपत्ति खरीद-फरोख्त का जरिया बना लिया।  

सचदेवा ने दावा किया कि केजरीवाल के सहयोगी गोपाल मोहन ने 2021 में कोविड के चरम समय में 2.44 करोड़ रुपये का फ्लैट आरकेपुरम के अराधना एन्क्लेव में अपनी मां के नाम पर खरीदा। फ्लैट की छत पर अतिरिक्त मंजिल निर्माण की अनुमति रातों-रात मिल गई और इसे भारी मुनाफे पर बेच दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब अरविंद केजरीवाल के इशारे पर हुआ। उन्होंने सवाल किया कि गोपाल मोहन जैसे मध्यम वर्गीय व्यक्ति के पास इतना धन कहां से आया? यह भी आरोप लगाया कि कोविड काल में केजरीवाल और उनके सहयोगियों की आय में 40 गुना वृद्धि हुई। 

  • भाजपा नेताओं ने कहा कि केजरीवाल व विभव कुमार को जेड प्लस सुरक्षा की कोई जरूरत नहीं है। जो व्यक्ति अपने घर पर महिला सांसद को बुलाकर पिटाई करवा सकता है, उसे इतनी सुरक्षा क्यों दी गई है? बिट्टू ने कहा कि आप सांसद राघव चड्ढा ने अपनी शादी में पंजाब पुलिस के जवानों का इस्तेमाल वेटर व निजी अतिथियों का स्वागत करने के लिए किया था। जवानों से गाड़ियों के गेट खुलवाने और बुके भिजवाने जैसे काम करवाना न केवल पंजाब पुलिस, बल्कि पूरे पंजाबी समाज का अपमान है। 

 

‘दिल्ली की कानून व्यवस्था ध्वस्त सड़कों पर खुलेआम गैंगवार’

आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से दिल्ली की खराब कानून व्यवस्था को ठीक करने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को सुझाव देने की अपील की है। पार्टी कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। सड़कों पर खुलेआम गैंगवार हो रही हैं। लोगों की हत्याएं हो रही हैं। दिल्ली दहशत में है, लेकिन केंद्रीय गृहमंत्री के पास दिल्ली के लिए समय ही नहीं है। 

केजरीवाल ने कहा कि बृहस्पतिवार को योगी आदित्यनाथ दिल्ली आए थे। उन्होंने अच्छी बात कही जिसका पूरी दिल्ली के लोग समर्थन करते हैं। उन्होंने मुद्दा उठाया कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था बिल्कुल चरमरा गई है। दिल्ली में 11 बड़े गैंगस्टर्स के ग्रुप हैं, जिन्होंने दिल्ली को 11 हिस्सों में बांट लिया है और खुलेआम व्यापारियों से फिरौती मांगी जा रही है। 
व्यापारियों को फोन आ रहे हैं कि 3-4 करोड़ रुपये दो, नहीं तो पूरे परिवार को खत्म कर देंगे।

महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल
केजरीवाल ने कहा कि महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। दिल्ली में रोजाना 17 बच्चों और 10 महिलाओं का अपहरण होता है। यहां खुलेआम चाकूबाजी हो रही है। लोगों की हत्याएं हो रही हैं। स्नेचिंग व चोरियां हो रही हैं। 

केजरीवाल को जान से मारने की रची जा रही साजिश : मान
आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की कोशिश हो रही है।  साथ ही मांग रखी कि पंजाब पुलिस की सुरक्षा को फिर से बहाल किया जाए। इस मांग को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा है।

सीएम आतिशी का कहना है कि अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की साजिश हो रही है। उन्हें भाजपा व गृहमंत्री अमित शाह से खतरा है। अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा में पंजाब पुलिस अहम भूमिका निभा रही थी, लेकिन भाजपा ने साजिश रचकर चुनाव से ठीक पहले यह सुरक्षा हटा दी। उन्होंने आरोप लगाया कि अभी तक अरविंद केजरीवाल पर जितने भी हमले हुए हैं, उनमें हमलावर भाजपा के कार्यकर्ता निकले हैं और पुलिस ने उन पर कोई कार्रवाई नहीं की।

आप की शिकायत पर दिल्ली पुलिस नहीं करती मामला दर्ज : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि कई दिनों से जब भी अरविंद केजरीवाल पब्लिक मीटिंग में जाते हैं, तो उन पर पत्थर सहित अन्य सामान फेंका जाता है। किसी न किसी तरह से हंगामा करने की कोशिश होती है, लेकिन दिल्ली पुलिस एफआईआर नहीं लिखती है और अगर हम ऐसा करने वालों के नाम भी बता दें तो भी वह शिकायत नहीं लिखती, क्योंकि उन्हें ऊपर से निर्देश हैं कि केजरीवाल को शारीरिक रूप से नुकसान पहुंचाया जाए। हमारी पंजाब पुलिस के पास इस बात का ठोस सबूत था कि अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली और पंजाब में हमला हो सकता है, जिसके बाद पंजाब पुलिस ने अरविंद केजरीवाल को सुरक्षा दी। 

उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति को जेड प्लस सुरक्षा दी गई हो, वह देश में कहीं भी जाए, उसे उस लेवल की सुरक्षा देनी पड़ती है। अभी यहां उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ भी पहुंच चुके हैं। इसके अलावा राजस्थान, हरियाणा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री भी आए हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed