AQI Delhi Today: दिल्ली में अगले तीन दिन सांसों पर संकट बरकार, दो दिन बन रहे राजधानी में बारिश के आसार
Air Pollution in Delhi: सीपीसीबी के अनुसार, एनसीआर में गुरुग्राम का सबसे कम वायु गुणवत्ता सूचकांक दर्ज किया गया। यहां एक्यूआई 203 रहा, जोकि खराब श्रेणी है। ग्रेटर नोएडा 314, नोएडा में 304, गाजियाबाद में 283 व फरीदाबाद में 258 एक्यूआई दर्ज किया गया।
विस्तार
राजधानी में प्रदूषण बेहद खराब श्रेणी में बरकरार है। शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 333 दर्ज किया गया, यह बेहद खराब श्रेणी है। बृहस्पतिवार के मुकाबले 44 सूचकांक की कमी आई। सुबह से ही धुंध के साथ कोहरा देखने को मिला। पूरे दिन धूप नहीं खिली। 28 इलाकों में हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। इसके अलावा सात इलाकों में एक्यूआई 200 के पार रहा। सोमवार तक यही स्थिति बनी रहेगी।
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक, शुक्रवार को औसतन आठ किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से हवा विभिन्न दिशाओं की ओर से चली। वहीं, शनिवार को हवा उत्तर-पश्चिम से दक्षिण-पूर्व दिशा की ओर चलेगी। इस दौरान हवा की गति चार किलोमीटर प्रतिघंटा रहने का अनुमान है। रविवार को हवा दक्षिण-पूर्व से उत्तर-पूर्व दिशा में चल सकती है। गति चार से छह किमी रहने के आसार हैं। सोमवार को हवा उत्तर से दक्षिण-पूर्व दिशा में चलने की आशंका है। इस दौरान हवा की गति चार से छह किमी प्रति घंटे रहने की उम्मीद है। मंगलवार और बुधवार को बारिश की संभावना है।
नेहरू नगर रहा सर्वाधिक प्रदूषित
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, दिल्ली में शुक्रवार को 28 इलाकों में हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। इसमें नेहरू नगर का सर्वाधिक वायु सूचकांक दर्ज किया गया। यहां एक्यूआई 389 रहा, जोकि बेहद खराब श्रेणी है। आनंद विहार में 382, पटपड़गंज व पंजाबी बाग में 370, आरके पुरम में 369, वजीरपुर में 364 व जहांगीरपुरी में 362 सूचकांक दर्ज किया गया। साथ ही सात इलाकों में हवा खराब श्रेणी में रही। इनमें नरेला में 296, अलीपुर में 281, विवेक विहार में 279, आईटीओ में 272, नजफगढ़ में 268, डीटीयू में 246 एक्यूआई दर्ज किया गया।
गुरुग्राम की हवा रही सबसे साफ
सीपीसीबी के अनुसार, एनसीआर में गुरुग्राम का सबसे कम वायु गुणवत्ता सूचकांक दर्ज किया गया। यहां एक्यूआई 203 रहा, जोकि खराब श्रेणी है। ग्रेटर नोएडा 314, नोएडा में 304, गाजियाबाद में 283 व फरीदाबाद में 258 एक्यूआई दर्ज किया गया।