घर में घुसकर अमानवीय हरकत, गर्भवती समेत सात की पिटाई
कोतवाली क्षेत्र के धनौरी कलां गांव में कुछ लोगों ने घर में घुसकर परिवार के सात लोगों की पिटाई कर डाली, जिसमें गर्भवती की हालत नाजुक है।
धनौरी निवासी सतपाल सिंह का आरोप है कि 31 अक्तूबर की शाम वह परिजनों के साथ घर में बैठा था। उसी समय पड़ोस के छह लोग लाठी- डंडे लेकर आए तथा उसके साथ गाली-गलौज कर पिटाई की।
बचाव में उनका भतीजा संजय, पत्नी रेखा और बेटी गगन आए तो उन सभी को भी पीटा। रेखा गर्भवती है, जिसे बचाने के लिए उसका देवर विकास आया तो उन दोनों की भी पिटाई कर डाली।
पड़ोसी बचाने आए तो आरोपी फायरिंग कर भाग गए
सात लोगों को घायल करने के बाद आरोपियों ने पथराव कर दिया। पड़ोस के लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोपी फायरिंग करते हुए भाग गए।
घायलों को दनकौर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां से रेखा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उसकी हालत नाजुक है। पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों में विवाद हुआ है और मारपीट भी हुई है। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर आ गई है।