एक और मामले में भगोड़ा घोषित हुए दाऊद और छोटा शकील
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अदालत ने आईपीएल मैच स्पॉट फिक्सिंग मामले में आरोपी एवं अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित दाऊद इब्राहिम व उनके साथी छोटा शकील को भगौड़ा घोषित कर दिया। दोनों के खिलाफ पहले ओपन वारंट जारी किए गए थे लेकिन उनके न मिलने पर अदालत ने यह कार्रवाई की।
अदालत ने दाऊद के पाकिस्तान निवासी तीनों गुर्गों जावेद चौटानी, सलमान, एहतेशाम के खिलाफ भी पिछले वर्ष जुलाई माह में वारंट जारी किए थे। पुलिस का आरोप है कि उक्त तीन गुर्गे ही दाऊद के इशारे पर पाकिस्तान में बैठकर आईपीएल फिक्सिंग को अंजाम दे रहे थे।
पटियाला हाउस स्थित अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश नीना बंसल कृष्णा ने पुलिस द्वारा जारी रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद यह आदेश दिया। पुलिस ने अदालत को बताया कि दाऊद के मुंबई व अन्य स्थानों पर हर संभव ठिकाने पर उसकी तलाश की गई। इसके अलावा उसे भगौड़ा व संपत्ति कुर्क करने संबंधी पोस्टर व नोटिस चस्पा किए गए, बावजूद इसके दाऊद व छोटा शकील गिरफ्तारी से बचने का प्रयास करते हुए फरार है।
मुंबई ब्लास्ट के बाद भारत नहीं लौटे
पुलिस ने कहा कि दाऊद की मुंबई में एक मात्र संपत्ति को मुंबई पुलिस पहले ही 1993 में हुए ब्लास्ट मामले में जब्त कर चुकी है। इसके अलावा दाऊद की किसी अन्य संपत्ति का पता नहीं चला है। पुलिस ने कहा कि जांच में पता चला है कि दोनों विदेश में है और मुंबई ब्लास्ट के बाद भारत वापस नहीं लौटे ऐसे में दोनों को भगौड़ा घोषित किया जाए।
अदालत ने सभी तथ्य देखने के बाद दाऊद व छोटा शकील को भगौड़ा घोषित कर दिया। अदालत ने मामले की सुनवाई 14 नवंबर तय की है।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले का पिछले वर्ष आईपीएल के दौरान खुलासा किया था। इस मामले में पुलिस ने 30 जुलाई 2013 को इन दोनों के अलावा क्रिकेटर श्रीसंत, अंकित चव्हाण, अंजीत चंदेलिया सहित 39 के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया था।
किस क्रिकेटर को कितने पैसे?
पुलिस के अनुसार आईपीएल मैच फिक्सिंग का पूरा खेल अंतराष्ट्रीय आतंकी घोषित दाऊद इब्राहिम ने स्वयं अपने अधीन कर रखा था और वह स्वयं फिक्सिंग के रेट तय करने के अलावा यह भी तय करता था कि किस क्रिकेटर को कितने पैसे देने है।
पुलिस ने अदालत को यह जानकारी देते हुए बताया कि पूरा सिंडीकेट दाऊद का था और वह पूरे नेटवर्क पर नियंत्रण रख रहा था।
पुलिस के अनुसार दाऊद के इशारे पर पाकिस्तान में बैठे उसके गुर्गे छोटा शकील, जावेद चौटानी, सलमान, एहतेशाम इत्यादि काम करते थे। वहीं भारत में भी उन्हीं के इशारे पर काम होता था। इतना ही नहीं क्रिकेटर व बुकी को हवाला के जरिए ही पैसा दिया जा रहा है।