दोस्त ने बहन पर रखी गलत नजर, नाराज भाई ने उतार दिया मौत के घाट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
2 सितंबर को सूरजपुर कोर्ट परिसर के पास सर्विस रोड पर मिले साहिल के शव के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। साहिल की हत्या उसके दोस्त फरहान ने झूठी आन के लिए की थी। आरोपी ने अपनी बहन से संबंध की जानकारी होने पर मौत के घाट उतारा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतक के परिवार के कहने पर ही आरोपी के परिजन चार माह पहले सूरजपुर आए थे।
मूलरूप से फिरोजाबाद के रामगढ़ निवासी अब्दुल कादिर ने बताया कि उसके चाचा अब्दुल रहमान सूरजपुर कस्बे में रहते हैं। रहमान का बेटा साहिल (18) कंपनी में काम करता था। साहिल की रामगढ़ के रहने वाले फरहान से दोस्ती थी। चार माह पहले साहिल व उसके परिजनों ने फरहान व उसके घरवालों को रोजगार के लिए सूरजपुर आने की सलाह दी थी। इसके बाद फरहान व उसका परिवार सूरजपुर आ गया था। साहिल और फरहान की अच्छी दोस्ती थी।
एक सितंबर की रात साहिल और फरहान एक साथ कहीं निकले थे। फरहान तो लौट आया लेकिन साहिल नहीं आया। साहिल का शव अगले दिन कोर्ट परिसर के पास स्थित सर्विस रोड के किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में पता चला कि उसके सिर में किसी बाहरी वस्तु से वार कर और गला दबाकर हत्या की गई है। पुलिस ने मामले की पड़ताल कर आरोपी फरहान को गिरफ्तार कर लिया।
बदनामी समझकर घुटने लगा था
आरोपी से पूछताछ में पता चला कि साहिल उसकी बहन से फोन पर बात करता था। आरोपी मन ही मन इससे अपनी बदनामी समझकर घुटने लगा। इसके बावजूद उसने इसका किसी से जिक्र नहीं किया और साजिश रचकर दोस्त को मौत के घाट उतार दिया।
फोन बंद कर शहर से बाहर चला गया था
साहिल की हत्या के बाद परिजन आरोपी की तलाश में जुटे थे। परिजनों को सूरजपुर स्थित पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी में 1 सितंबर की रात 8:15 बजे साहिल और फरहान एक साथ दिखाई दिए, लेकिन उन्हें उस पर शक नहीं हुआ।
एसएसआई दिलीप सिंह ने बताया कि आरोपी घटना के बाद फोन स्विच ऑफ कर शहर से बाहर विवाहित बहन के घर चला गया था। इससे पुलिस और परिजनों को उस पर शक हुआ। साहिल की कॉल डिटेल से पुलिस को आरोपी की बहन से संबंध की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के लौटने पर उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की, तो पूरा मामला खुल गया।