प्रेमी के साथ मिलकर कराई पति की हत्या, नेशनल तैराक के पिता भी साजिश में शामिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रॉपर्टी डीलर धीरज हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। अवैध संबंधों व संपत्ति हड़पने के लिए उसकी पत्नी प्रीति ने प्रेमी वरुण और नेशनल तैराक सायरा सिरोही के पिता जयदीप के साथ मिलकर हत्या कराई थी।
कविनगर पुलिस ने प्रीति और वरुण को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल 9 एमएम की दो पिस्टल और बाइक बरामद की है, जबकि जयदीप और शूटर मोनू फरार हैं।
26 जून की रात करीब नौ बजे धीरज की सदरपुर में गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। उसके पिता जगवीर को भी दो गोली मारी गई थी, उनका सर्वोदय अस्पताल में उपचार चल रहा है। धीरज के चाचा सुंदर ने जयदीप समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई थी।
साजिश में धीरज की पत्नी प्रीति भी शामिल थी
एसपी सिटी सलमान ताज ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि जयदीप को छोड़कर नामजद किए गए बाकी तीनों आरोपी बेकुसूर हैं। हत्या जयदीप निवासी आरकेपुरम, वरुण निवासी ग्राम मोर, थाना टप्पल, अलीगढ़ और शूटर मोनू ने की थी। साजिश में धीरज की पत्नी प्रीति भी शामिल थी।
उन्होंने बताया कि धीरज, वरुण का फुफेरा भाई था और करीब पांच साल से धीरज के साथ सदरपुर में रहकर प्रॉपर्टी के बिजनेस में उसकी मदद करता था। वरुण के प्रीति से अवैध संबंध हो गए थे। इसी दौरान चेक बाउंस के मामले में धीरज पहले फिरोजाबाद से और फिर जानलेवा हमले के मामले में बुलंदशहर से जेल गया था।
वह 19 फरवरी को ही जेल से छूटा था। धीरज को दोनों के संबंधों के बारे में पता चला तो उसने वरुण को घर से निकाल दिया। इसके बाद से धीरज-प्रीति में भी झगड़ा रहने लगा। प्रीति ने इसकी शिकायत पुलिस से की और तीन बच्चों के साथ अलग रहने लगी।
वरुण प्रीति के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने लगा
महिला थाने में उनकी काउंसलिंग हुई, जिसके बाद दोनों फिर से साथ रहने लगे। इस दौरान वरुण सेक्टर-23 संजयनगर में कमरा लेकर रहने लगा और प्रीति के साथ मिलकर धीरज को रास्ते से हटाने की साजिश रचने लगा। दोनों फोन पर बातें करते थे।
दूसरी तरफ, रिटायर्ड सिपाही जयदीप ने तीन रुपये सैकड़ा ब्याज की दर से करीब सवा करोड़ रुपये धीरज को दिए हुए थे। उस पैसे को धीरज ने 8 रुपये सैकड़ा ब्याज पर लोगों को दे रखा था। जयदीप उससे अपना पैसा मांग रहा था और वह टाल मटोल कर रहा था।
इससे नाराज जयदीप भी उसकी हत्या करना चाहता था। वह कई बार धीरज को धमकी भी दे चुका था। जयदीप को पता चला कि वरुण और प्रीति के संबंध हैं, वह दोनों भी धीरज की हत्या करना चाहते हैं।
सीसीटीवी कैमरे में भी दो लोग नजर आ रहे थे
वरुण और जयदीप भी आपस में रिश्तेदार हैं, लिहाजा दोनों ने प्रीति के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। तय हुआ कि धीरज के मरने के बाद उसकी आधी प्रॉपर्टी जयदीप ले लेगा और आधा हिस्सा प्रीति-वरुण का रहेगा।
जयदीप ने मोनू नाम के शूटर को हायर किया। पहले यह 22 जून की शाम उसकी हत्या करना चाहते थे, मगर धीरज के पास आफिस में उस दिन कई लोग बैठे थे, इसलिए प्लानिंग फेल हो गई। फिर 26 जून की शाम प्रीति ने वरुण को फोन कर बताया कि धीरज अपने पिता के साथ फार्म हाउस में बैठा है, आज उसे मारा जा सकता है।
लिहाजा तीनों बाइक से धीरज के फार्म हाउस पर गए। मोनू और वरुण ने वारदात को अंजाम दिया और फार्म हाउस के बाहर खड़े जयदीप के साथ बाइक पर भाग गए। फार्म हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी दो लोग नजर आ रहे थे।