17 साल की सारिका ने सुसाइड से पहले मां-बाप को अपना रिपोर्ट कार्ड तक नहीं दिखाया
नजफगढ़ इलाके में ग्यारहवीं कक्षा में कम नंबर आने से परेशान एक छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसके पास से एक सुसाइड नोट मिला है।
जिसमें उसने परिजनों से माफी मांगी है। वहीं रणहौला इलाके में एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसके पास से सुसाइड नोट नहीं मिलने से आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि प्रेमनगर नजफगढ़ इलाके में एक छात्रा ने फांसी लगा ली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया।
परिजनों को नहीं दिखाया प्रोग्रेस रिपोर्ट
उसकी पहचान सारिका (17) के रूप में हुई। वह ग्यारहवीं कक्षा की छात्रा थी। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला। जिसमें उसने लिखा कि ग्यारहवीं कक्षा में कम नंबर आने की वजह से वह काफी परेशान है और इसी वजह से वह खुदकुशी कर रही है।
इसके लिए उसने परिजनों से माफी मांगी है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सारिका ने उन्हें अपना प्रोग्रेस रिपोर्ट भी नहीं दिखाया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं रणहौला इलाके में रहने वाले अविनाश (20) ने बृहस्पतिवार को पंखे से फांसी लगाकर जान दे दी। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
इस वजह से पुलिस उसके आत्महत्या करने के कारणों की जांच में जुटी है। अविनाश का पिता कबाड़ी का काम करता है।