युवती को अगवा कर चलती गाड़ी में किया गैंगरेप, छह घंटे सड़क पर दौड़ती रही कार
मौर्या एंक्लेव इलाके में दो युवकों ने एक युवती को अगवा कर चलती कार में गैंगरेप किया। करीब छह घंटे कार राजधानी की सड़कों पर दौड़ती रही और आरोपी वारदात को अंजाम देते रहे। पुलिस ने एक आरोपी नीरज को गिरफ्तार कर लिया है।
अलीगढ़ निवासी नीरज बीटेक इंजीनियर है। पुलिस मामला दर्ज कर दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है। दोनों ही आरोपी युवती के जानकार हैं। पुलिस के मुताबिक पीड़िता सपना (22) (बदला हुआ नाम) परिवार के साथ मंगोलपुरी इलाके में रहती है।
मंगलवार सुबह सपना अपनी दोस्त से मिलने के लिए घर से निकली थी। इस बीच वह रोहिणी जेल के पास अंडरपास पर खड़ी थी। इसी दौरान नीरज व उसका दोस्त कार से वहां पहुंचे। थोड़ी बातचीत के बाद दोनों ने सपना को जबरन कार में खींच लिया।
कार में खींचकर पिलाया नशीला पदार्थ
बाद में उसे नशीला पदार्थ पिलाकर गैंगरेप किया। आरोपियों ने उसके कपड़े भी फाड़ दिए। बाद में वह उसे मंगोलपुरी इलाके में फेंककर फरार हो गए।पीड़िता को स्थानीय लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई।
पीड़िता से पूछताछ के बाद अलीगढ़ निवासी नीरज को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल वह दिल्ली के बुद्ध विहार में रह रहा था। पिछले साल एक इंटरव्यू के दौरान उसकी मुलाकात सपना से हुई थी।
तब से दोनों फेसबुक और वाट्सऐप पर बातचीत भी करते थे। पुलिस नीरज से पूछताछ कर दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।