{"_id":"867462130c45c0afbf7ba9b77f2e5c94","slug":"the-driver-stopped-the-car-robber-arrested-gps-school-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"जीपीएस से स्कूल संचालक ने रोकी कार...लुटेरा दबोचा","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
जीपीएस से स्कूल संचालक ने रोकी कार...लुटेरा दबोचा
अमर उजाला, गाजियाबाद
Updated Fri, 04 Mar 2016 12:08 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तीन बदमाशों ने बुधवार देर रात हापुड़ के एक स्कूल संचालक के ड्राइवर को अगवा कर कार लूट ली और ड्राइवर को मेरठ में फेंक गए।
विज्ञापन
कार में जीपीएस सिस्टम होने से स्कूल संचालक ने कार लॉक कर दी, इससे एक बदमाश पुलिस की पकड़ में आ गया और कार भी बरामद हो गई।
दो लुटेरे फरार हैं, जिनकी तलाश में सिहानी गेट पुलिस जुटी है। पकडे़ गए लुटेरे से पूछताछ की जा रही है।
हापुड़ के गढ़ रोड स्थित एलएम स्कूल के मालिक पंकज अग्रवाल बुधवार रात पत्नी मधु और ड्राइवर अमित शर्मा (21) के साथ राजनगर एक्सटेंशन स्थित न्यू गोल्डन रिसोर्ट फार्म हाउस में शादी समारोह में शिरकत करने आए थे।
पंकज और मधु रिसोर्ट के अंदर चले गए जबकि ड्राइवर कार बाहर खड़ी कर उसमें बैठा था। बकौल अमित, इसी दौरान तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर कार में ही उसे अगवा कर लिया और पिछली सीट पर बंधक बनाकर डाल लिया।
विज्ञापन
कार लेकर बदमाश मेरठ की ओर भागे। रास्ते में उससे तीन हजार रुपये भी लूट लिए। मोबाइल छीनकर सिमकार्ड निकाल लिया। बदमाश अमित को दौराला के पास एक खेत में शॉल से बांधकर फेंक गए।
विज्ञापन
जैसे-तैसे बंधन मुक्त होकर अमित गांव से बाहर आया और लिफ्ट लेकर मेरठ में सीओ कार्यालय पहुंचा। उधर, पंकज ने बताया कि शादी समारोह से जब वह घर जाने के लिए बाहर आए तो कार और ड्राइवर गायब मिले।
दोनों को आसपास तलाश किया, लेकिन वह नहीं मिले तो कार में लगे जीपीएस के माध्यम से कार की लोकेशन ट्रेस की। कुछ ही दूरी पर खड़ी पीसीआर को घटना की सूचना दी, पुलिस के साथ तलाश में मेरठ की ओर गए।
इस दौरान गाजियाबाद से मेरठ पुलिस को भी सूचना दे दी गई। दोनों जिलों की पुलिस तलाश में जुट गई। कार की लोकेशन लगातार बदल रही थी।
जब पुलिस कार को ट्रेस करने में फेल हो गई तो कार को पीवीआर मॉल मेरठ के पास लोकेशन आने पर जीपीएस के माध्यम से पंकज ने कारबंद कर दिया और मेरठ पुलिस ने कार बरामद कर ली, एक लुटेरा भी कार में बैठा मिला।
इस दौरान कार का पीछा करते हुए सिहानी गेट पुलिस वहां पर पहुंची और लुटेरे को हिरासत में लिया। एसएचओ सिहानी गेट अवनीश गौतम का कहना है कि लुटेरे के दो अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
व्हाट्स एप मैसेज देख मालिक ने दिखाई सूझबूझ
पंकज ने बताया कि जब वह समारोह से बाहर आए तो कार और ड्राइवर गायब मिले। उनके मोबाइल पर व्हाट्स एप मैसेज अमित ने किया हुआ था, जिसमें पूछा था कि सर कितनी देर और लगेगी।
मैसेज भी कुछ समय पहले का ही था, उन्होंने जवाब नहीं दिया था। अमित के मोबाइल कॉल की गई, मगर वह बंद था। शक होने पर उन्होंने अपने मोबाइल से कनेक्ट कार में लगे जीपीएस से कार की लोकेशन पता की।
ड्राइवर को भी नहीं पता था जीपीएस
जीपीएस कार में लगे होने की जानकारी स्कूल संचालक ने ड्राइवर को भी नहीं दी थी। कार लूटने के बाद बदमाश ड्राइवर की पिटाई कर जीपीएस सिस्टम के बारे में पूछ रहे थे, लेकिन ड्राइवर ने कार में जीपीएस लगा होने से इंकार कर दिया था, क्योंकि खुद उसे इसकी जानकारी नहीं थी।