12वीं की छात्रा ने स्कूल में जहर खाकर दी जान, सुसाइड नोट में बताई दो वजह
मॉडल टाउन स्थित सरकारी स्कूल में 12वी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा ने स्कूल में जहर खाकर जान दे दी। पुलिस के अनुसार पलक (17) अपने पिता राकेश गुप्ता, मां, दो बहन और एक भाई के साथ मॉडल टाउन इलाके में रहती थी।
उसके पिता राकेश मजदूरी करते हैं। शुक्रवार सुबह पलक स्कूल गई थी। करीब 9 बजे वह बाथरूम में अचेत अवस्था में पड़ी मिली। उसके मुंह से झाग निकल रहा था।
बताया जा रहा है कि स्कूल के शिक्षकों ने पहले उसे उल्टी करवाने की कोशिश की, लेकिन जब तबीयत बिगड़ने लगी तो घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने छात्रा को पास के अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पलक के पास से मिले हैं दो सुइसाइड नोट
पुलिस के अनुसार पलक के पास से दो सुइसाइड नोट मिले हैं। एक में उसने पिता को संबोधित किया है, जबकि दूसरा उसने सहेली को लिखा है।
नोट में उसने लिखा है कि उसके पिता दिहाड़ी मजदूर हैं। वह पढ़-लिखकर फैशन डिजाइनर बनना चाहती थी, लेकिन उसके पिता एक दिन में 200 से 250 रुपये कमाकर लाते हैं।
इस रकम में परिवार का ठीक ढंग से पालन पोषण नहीं हो पा रहा है। ऐसे में उसके सपने कभी भी पूरे नहीं हो सकते। वहीं, दूसरे नोट में उसने एक सहेली को सबसे अच्छी दोस्त बताया है। साथ ही उसने एक लड़के का नाम लिखा है और उससे बेहद प्यार करने की बात कही है।