कल्याणपुरी में हत्या का मामला : एक तरफा प्यार में नाबालिग ने की थी सुमित की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कल्याणपुरी इलाके में रविवार शाम युवक सुमित (23) की चाकू घोंपकर की गई हत्या के मामले में एक अहम खुलासा हुआ है। दरअसल सुमित की हत्या नाबालिग आशिक की सनक का नतीजा थी। आरोपी नाबालिग, सुमित की पत्नी ललिता से एक तरफा प्यार करता था। लेकिन दो माह पूर्व ललिता की सुमित से शादी हो गई थी। इसके बाद भी आरोपी ने ललिता का पीछा नहीं छोड़ा था। वह अक्सर फोन पर उसे परेशान कर रहा था। रविवार को नए साल पर जब ललिता अपने मायके आई थी तो आरोपी ने ललिता से मिलने का प्रयास किया। बाद में उसके सामने ही उसके पति की चाकू गोदकर हत्या कर दी।
ललिता ने पुलिस को बताया है कि शादी से पूर्व आरोपी उसे परेशान करता था। लेकिन उसने पुलिस से शिकायत नहीं की। छह नवंबर 2016 को उसकी शादी सुमित से हो गई। इसके बाद भी आरोपी उसे परेशान करता रहा। रविवार को जब ललिता अपने मायके से वापस ससुराल लौटने लगी तो आरोपी ने बाइक सवार पति-पत्नी को रोक लिया। आरोपी सुमित को बुरा-भला कहने लगा। ललिता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने चाकू निकालकर सुमित की गर्दन पर हमला कर दिया। सुमित ने जान बचाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी गर्दन व पेट पर हमला कर दिया। बाद में सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
इधर, ललिता पति को ऑटो से अस्पताल लेकर पहुंची जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी किशोर को दबोच लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। हालांकि किशोर ने पुलिस को बताया है कि ललिता भी उससे प्यार करती थी। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस अभी किशोर की सही उम्र का पता लगाने का प्रयास कर रही है। बता दें कि कल्याणपुरी इलाके में रविवार शाम को तीन नाबालिगों ने बाइक सवार युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। बाद में पुलिस ने मुख्य आरोपी नाबालिग किशोर को दबोच लिया था।