प्रिंस हत्याकांड : कंडक्टर अशोक को क्लीन चिट ऐसे बना पुलिस के गले का फांस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विद्यालय में दूसरी कक्षा के छात्र की हत्या मामले में सीबीआई ने सोमवार को बाल अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। हालांकि सीबीआई ने सोमवार को पार्ट चार्जशीट दाखिल की है। लेकिन इस चार्जशीट ने गुरुग्राम पुलिस की नींद उड़ा दी है।
सीबीआई द्वारा अशोक को क्लीन चिट देना गुरुग्राम पुलिस के लिए गले का फांस बन गया है। चार्जशीट पर पुलिस के खुफिया तंत्र भी नजर गड़ाए हुए था और पूरा दिन जानकारी लेता रहा।
गौरतलब है कि भोंडसी स्थित विद्यालय में 8 सितंबर को हुई दूसरी कक्षा के छात्र प्रिंस की हत्या मामले में गुरुग्राम पुलिस ने बस कंडक्टर अशोक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पुलिस की बताई गई थ्योरी पर किसी को भरोसा नहीं हुआ
9 सितंबर को खुद पुलिस आयुक्त संदीप खिरवार ने पत्रकारवार्ता कर अशोक के वारदात को अंजाम दिए जाने का दावा भी किया। उसके खिलाफ पुख्ता सबूत होने की बात कही।
गुरुग्राम पुलिस की बताई गई थ्योरी पर न तो प्रिंस के परिजनों और न ही आरोपी बस कंडक्टर अशोक के परिजनों को विश्वास हुआ। पीड़ित व आरोपी पक्ष ने सीबीआई जांच की मांग की।
इसके बाद मामला सीबीआई के अधीन चला गया। सीबीआई ने गुरुग्राम पुलिस की थ्योरी को झूठा साबित करते हुए 7 नवंबर को विद्यालय के 11वीं कक्षा के छात्र को हिरासत में लिया।
सीबीआई ने आरोपी छात्र के खिलाफ पुख्ता सबूत होने का दावा किया
इसके बाद से ही पुलिस की नींद उड़ गई। इस मामले में सीबीआई ने गुरुग्राम पुलिस के जांच अधिकारियों से भी पूछताछ की। पुलिस ने खुफिया तंत्रों को सक्रिय कर मामले में पैनी नजर रखने को कहा।
सोमवार सुबह से ही पुलिस के खुफिया तंत्र अदालत परिसर में सक्रिय रहे। सीबीआई की हर गतिविधि की जानकारी पुलिस को दी जाती रही।
सूत्रों की मानें तो चार्जशीट दाखिल होने व छात्र के खिलाफ सीबीआई द्वारा पुख्ता सबूत होने का दावा करते ही पुलिस के आला अधिकारियों की नींद उड़ गई।
पुलिस ने अशोक को आरोपी बना कर वाहवाही लूटी
हालांकि अभी सीबीआई ने पार्ट चार्जशीट दाखिल की है। सूत्रों की मानें तो सप्लीमेंट्री चार्जशीट में पुलिस के उन अधिकारियों के नाम भी शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने मामले की जांच में लापरवाही बरती और जल्दबाजी में बस कंडक्टर अशोक को आरोपी बनाकर वाहवाही लूटी।
उधर, सीबीआई की जांच में स्कूल की लापरवाही की भी जांच की जा रही है। सूत्रों की मानें तो चार्जशीट में यह भी शामिल हो सकता है कि वारदात के बाद खून के धब्बे किसके निर्देश पर साफ किए गए।