दिल्ली में एक और नॉर्थ-ईस्ट छात्र की हत्या!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चिराग दिल्ली इलाके में शनिवार देर रात रहस्यमय हालत में मणिपुर के रहने वाले विलंगबो (28) की मौत हो गई। विलंगबो की मौत की खबर सुनते ही रविवार को उत्तर-पूर्वी राज्यों से जुड़ी छात्र यूनियनों के लोग मालवीय नगर थाने पहुंच गए। उन्होंने स्थानीय लोगों पर विलंगबो की हत्या करने का आरोप लगाया। नागा स्टूडेंट यूनियन देहली के अध्यक्ष माइवियो ने कहा कि लगातार नॉर्थ-ईस्ट के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।
विलंगबो खुद नाले में नहीं कूदा, बल्कि उसकी हत्या कर उसे नाले में फेंका गया। रात के समय कुछ स्थानीय लोगों से विलंगबो का झगड़ा हुआ था। उन्हीं ने वारदात को अंजाम दिया। माइवियो ने बताया कि नाले की दीवार करीब पांच फुट ऊंची है और नाले में पानी का बहाव काफी तेज था, जबकि विलंगबो का शव नाले के पानी से करीब आठ फीट दूर सूखी जगह में मिला।
वह पानी को पारकर सूखी जगह तक नहीं पहुंच सकता। किसी ने उस पर हमला करने के बाद उसे जानबूझकर नाले में फेंक दिया। माइवियो ने पुलिस अधिकारियों से विलंगबो के दोस्तों-डेनिस और मील से पूछताछ करने की गुहार लगाई।
विलंगबो ने नाले में लगाई थी छलांग
पुलिस के मुताबिक विलंगबो गुड़गांव स्थित एक कॉल सेंटर में काम करता था। वह छोटे भाई केलेड (24) के साथ नारायणा इलाके में रहता था। केलेड मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा है। शनिवार शाम विलंगबो नॉर्थ ईस्ट के ही रहने वाले दोस्तों डेनिस और मील से मिलने के लिए चिराग दिल्ली आया था।
देर रात तीनों ने पार्टी की। इस बीच रात करीब 1:30 बजे लोगों ने एक युवक को चिल्लाकर भागते हुए देखा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक ने चिराग दिल्ली मुख्य नाले में छलांग लगा दी। इसके बाद उसने शोर मचाकर मदद भी मांगी।
करीब 1:40 बजे खबर मिलने के बाद पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंच गए। 3:00 बजे के बाद किसी तरह विलंगबो को नाले से निकलकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जेब से मिले मोबाइल की मदद से उसकी शिनाख्त विलंगबो के रूप में हुई।
साजिश या दुर्घटना?
शुरुआती जांच में उसके सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोट के निशान नाले में गिरने की वजह से आए।
सूत्रों के मुताबिक डेनिस और मील ने पुलिस को बताया कि पार्टी में ज्यादा शराब पीने के बाद विलंगबो अचानक निकल भागा और नाले में कूद गया। वहीं केलेड ने कहा कि उनका भाई विलंगबो साजिश का शिकार हुआ है। उसे झगड़े के बाद मौत के घाट उतारा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रविवार को एम्स में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया और उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।