मां-बेटियों को बंधक बनाकर लाखों की लूट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नई दिल्ली के सीमापुरी इलाके की दिलशाद कॉलोनी में एक महिला और उसके बच्चों को बंधक बनाकर डकैती डालने का मामला सामने आया है।
पड़ोस में रहने वाले छह लोगों ने पिस्टल दिखाकर वारदात को अंजाम दिया। वारदात के समय आरोपियों ने पीड़ित महिला से बदसलूकी भी की। सारी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
6 बदमाश घुसे थे घर में
पुलिस के मुताबिक रजिया परवीन (32) परिवार के साथ दिलशाद कॉलोनी में रहती हैं। पति हाजी इसरार बिल्डर हैं। बृहस्पतिवार रात करीब 8:16 बजे रजिया दोनो बेटियों मुस्कान और महक के साथ घर में थी।
इस बीच पड़ोस में रहने वाला इरफान करीब छह लोगों के साथ घर आया। इसरार का नाम लेकर इरफान ने घर का दरवाजा खुलवाया।
घर में घुसते ही बदमाशों ने रजिया पर पिस्टल तान दी। बदमाश रजिया के साथ धक्का मुक्की करने लगे। बदमाशों ने बच्चों को भी बंधक बना लिया। सभी के हाथों में पिस्टल व चाकू थे।
लूट के साथ की अश्लील हरकत
बदमाशों ने जबरन रजिया के पहने हुए जेवरात उतरवा लिए। इसके अलावा पिस्टल दिखाकर घर की अलमारी में रखे तीन लाख रुपये भी लूट लिये।
करीब पांच मिनट लूटपाट करने के बाद बदमाश फरार हो गए। रजिया की बेटी ने मामले की सूचना पुलिस को दी। छानबीन और शुरुआती जांच के बाद पुलिस दोनों के बीच रंजिश की बात कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और महिला की शिकायत पर लूटपाट, छेड़छाड़, जान से मारने की धमकी व अपशब्द का प्रयोग करने का मामला दर्ज कर लिया गया है।