दिल्ली के नया बाजार विस्फोट में सामने आया पश्चिम बंगाल कनेक्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लाहौरी गेट के भीड़भाड़ वाले नया बाजार में मंगलवार सुबह हुए जोरदार विस्फोट में एक शख्स की मौत हो गई, आठ लोग जख्मी हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विस्फोर्ट इतना जबर्दस्त था कि पचास मीटर की परिधि में मकानों की खिड़की के शीशे चकनाचूर हो गए।
सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस के आला अधिकारियों व फोरेंसिक टीम के साथ-साथ एंटी टेरर विंग स्पेशल सेल की टीम मौके पर पहुंच गई और छानबीन शुरू कर दी।
शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने बताया कि पटाखे से भरे जूट के एक बोरे के गिरने से यह धमाका हुआ है। पूरा मामला घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
पुलिस के अनुसार, मुर्शिदाबाद पश्चिम बंगाल निवासी मुत्तलिप मिर्जा 15-20 साल से नया बाजार में मजदूरी करता था। सुबह करीब पौने ग्यारह बजे वह जूट वाले बोरे को गली जकारिया मोहल्ला फाटक हवास खाना लाहौरी गेट स्थित गोदाम से लेकर आ रहा था।
पत्तेवाली गली के सरस्वती ट्रेडर्स के पास जैसे ही उसने बोरे को नीचे रखा अचानक धमाका हो गया। इस धमाके में मुत्तलिफ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वहां से गुजर रहे चार लोग भूपेंद्र गुप्ता, महेश, हवा सिंह और मुरारी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जबकि चार लोग कालू, नंबरदार, रिशू गोयल व सुरेश मामूली रूप से जख्मी हो गए। धमाके के बाद चारों तरफ धुआं फैल गया और बाजार में भगदड़ मच गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि करीब 40-50 किलोग्राम पटाखे के जोर से जमीन पर रखने से दबाव पैदा हुआ, जिसकी वजह से यह धमाका हुआ है। स्पेशल सेल के स्पेशल सीपी एसबीके सिंह के मुताबिक, धमाका पटाखों में ही हुआ है।
मगर इस बात की जांच की जा रही है कि पटाखों में क्या इस्तेमाल किया गया था। फिलहाल पुलिस अधिकारी किसी आतंकी साजिश से भी इनकार नहीं कर रहे हैं और सभी पहलुओं पर जांच की बात कह रहे हैं।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
घटनास्थल के पास एक दुकान में लगी सीसीटीवी कैमरेे में पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज के मुताबिक, एक शख्स को सिर पर जूट का बोरा ले जाते हुए देखा जा रहा है। कुछ दूर जाने के बाद उस शख्स ने बोरे को नीचे रखा। बैग के नीचे रखते ही जोरदार धमाका हुआ, जिसका असर गली के दोनों तरफ करीब 50 मीटर तक हुआ। धमाके से आसपास के मकानों के तीसरी मंजिल तक के खिड़की में लगे शीशे चकनाचूर हो गए। जबकि दो अनाज की दुकानों को भारी नुकसान हुआ।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
घायलों के जख्मों में नहीं मिले विस्फोटक के अवशेष
पुलिस सूत्रों का कहना है कि घटना में घायल हुए लोगों के जख्मों में विस्फोटक के अवशेष नहीं मिले हैं। आतंकी धमाके के दौरान विस्फोटक को असरदार बनाने के लिए उसमें कील, कांच के टुकड़े व अन्य धातु डालते हैं, जिससे ज्यादा से ज्यादा नुकसान हो।
लेकिन इस घटना में घायल लोगों की मेडिकल जांच में उनके शरीर में इस तरह के सामान के अवशेष नहीं मिले हैं। हालांकि धमाके में घायल हुए लोगों को पत्थर और शीशे के टुकड़े लगे हैं।
पटाखे चलाने के साथ बरतें सावधानी
. पटाखा खुले मैदान में जलाने चाहिए
. रॉकेट हमेशा ऊपर की ओर छोड़ना चाहिए
. पटाखा जलाते समय सूती कपड़े ही पहनने चाहिए
. पटाखा जलाने के दौरान अपने पास पानी और बालू का इंतजाम होना चाहिए
. पटाखों को हमेशा दूर से ही आग लगानी चाहिए
. चिंगारी छोड़ने वाले पटाखों के पास नहीं जाना चाहिए
. पटाखे जलाते समय हमेशा जूते पहनें।
. जो पटाखा नहीं फूटे उस पर पानी या मिट्टी डाल देना चाहिए
. छोटे बच्चों व बुजुर्गों का ख्याल रखें