एक और मणिपुरी छात्रा के साथ हुई अश्लील हरकत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के मॉडल टाउन के विजय नगर इलाके में मणिपुर की रहने वाली एक डीयू की छात्रा के साथ छेड़छाड़ और उसके भाई के साथ मारपीट के बाद बवाल मच गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद वहां जमा हुए नॉर्थ ईस्ट के सैकड़ों छात्रों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।
पथराव में पुलिस की जिप्सी और बस समेत 16 वाहनों के शीशे टूट गए। स्थिति तनावपूर्ण होने के बाद मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल ने पथराव कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज कर खदेड़ा।
छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी संपति को नुकसान के मामले में छानबीन की जा रही है और इस बाबत मामला दर्ज किया जाएगा।
दिल्ली विश्वविद्यालय से बीएड कर रही है छात्रा
जानकारी के मुताबिक मूलत: मणिपुर के उखनूर जिले की रहने वाली 24 वर्षीय युवती डीयू से बीएड कर रही है। उसका 21 वर्षीय चचेरा भाई यूपीएससी की तैयारी कर रहा है। युवती विजय नगर स्थित पीजी में रहती है जबकि उसका भाई यहीं किराए के मकान में रहता है।
घटनाक्रम के मुताबिक शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे दोनों भाई बहन खाना खाने के बाद अपने कमरे पर जा रहे थे। विजय नगर और बुद्धा कालोनी के बीच पार्क के पास स्थानीय निवासी कमल लांबा (25) पेशाब कर रहा था।
पीड़ितों का आरोप है कि इन लोगों को देखते ही कमल उनकी ओर घूम गया और अश्लील इशारे करते हुए भद्दी-भद्दी टिप्पणी करने लगा। भाई बहन ने कमल की बातों को अनसुनी कर आगे बढ़ गए। इसी दौरान कमल ने चिल्ला कर अपने दोस्त मनप्रीत उर्फ शेरू को आवाज लगाई और दोनों भाई बहनों को गाली देने लगे।
भरी सड़क पर भाई को पिटते हुए देख रही थी छात्रा
भाई बहनों के विरोध करने कमल व मनप्रीत ने युवक की जमकर पिटाई कर दी और बचाव करने पर छात्रा की पिटाई करने के साथ साथ उससे छेड़छाड़ करने लगे।
पीड़ितों ने तुरंत इसकी जानकारी अपने दोस्तों और पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही काफी संख्या में पीड़ितों के जानकार मौके पर पहुंच गए। हालांकि पीड़िता का आरोप है कि एक वक्त ऐसा था जब पीड़िता के भाई को पीटा जा रहा था और पब्लिक मूकदर्शक बनी हुई थी।
साथ ही पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही थी। जिसकी वजह से लोग भड़क गए।
किसकी गलती से हो गया इतना बड़ा बवाल
पीड़ितों व उनके जानकारों का आरोप है कि मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
नार्थ ईस्ट फोरम फॉर इंटरनेशनल सोलिडेरिटी के चिंगलेन खुमुकचान का आरोप है कि पुलिस आरोपियों को पकड़ने के बजाए मकान मालिकों की बातों को सुनती रही।
साथ ही घटना को गंभीरता से नहीं लेकर यहां के मकान मालिकों के साथ मजाकिया अंदाज में बातचीत करती रही। जिसे देखकर नार्थ ईस्ट के छात्रों ने अपना आपा खो दिया और विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।
पुलिस की जिप्सी, बस समेत 16 गाड़ियों के शीशे तोड़े
जांच प्रक्रिया में पुलिस की लापरवाही से भड़के नार्थ ईस्ट के छात्रों ने पथराव शुरू कर दिया।
पथराव में दिल्ली पुलिस की दो जिप्सी, पुलिस बल को लेकर मौके पर पहुंची पुलिस बस सहित घटनास्थल पर खड़ी लोगों की कारों को नुकसान पहुंचा। पुलिस के मुताबिक पथराव में दो पुलिसकर्मी भी जख्मी हो गए।
जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस के मुताबिक साढ़े दस बजे रात से शुरू हुआ बवाल सुबह चार बजे तक चली।
सुबह से ही थाने में जुटे रहे पुलिस अधिकारी
रात में मामला के तूल पकड़े जाने के बाद शनिवार सुबह से ही मॉडल टाउन थाने में आला अधिकारियों की बैठक चलती रही।
बैठक में जिले के पुलिस उपायुक्त एन संबंदन, नार्थ ईस्ट के नोडल अफिसर रॉबिन हिब्बू, परिक्षेत्र के संयुक्त आयुक्त आर एस कृष्णैया के अलावा एसीपी दीपक यादव और थाना प्रभारी राम अवतार यादव मौजूद रहे।
बैठक के बाद नोडल अफिसर रॉबिन हिब्बू ने कहा कि मामले की पूरी छानबीन की जा रही है। वहीं, अन्य अधिकारियों ने इस मामले पर कोई अधिकारिक बयान देने से मना कर दिया।
मेरे बेटे के साथ न्याय हो: कमल के पिता मंगत सिंह लांबा
आरोपी कमल के पिता मंगत सिंह लांबा का कहना है कि उसके बेटे ने एक गलती की है। कमल ने उनलोगों को चिंकी कहा है और इसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हुई।
जब युवक ने उसकी पगड़ी को खींचने की कोशिश की तब कमल ने उसके साथ मारपीट की है।
उसने बताया कि नार्थ ईस्ट के छात्र छात्राएं नशे के आदी है और रात भर शोर मचाते हैं, लेकिन उनके पक्ष को कोई भी सामने नहीं रखता। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनके बेटे ने युवती के साथ कोई भी अभ्रद हरकत नहीं की है और पुलिस उसके खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर उसके बेटे के साथ न्याय नहीं किया है।
कमल पर पहले ही नार्थ ईस्ट के एक छात्र से मारपीट का आरोप
पुलिस सूत्रों का कहना है कि जांच में यह बात सामने आई है कि कमल पर पहले से ही नार्थ ईस्ट के छात्र से मारपीट का मामला अदालत में लंबित है।
उस मामले में भी उसकी गिरफ्तारी हुई थी और वह जमानत पर निकला था। आशंका जताई जा रही है कि कमल को नार्थ ईस्ट के छात्रों को लेकर कोई दिक्कत है। जिसकी वजह से अक्सर वह उनपर हमला करता है।
फिलहाल कमल अपने पिता के साथ वर्कशॉप का काम देखता है जबकि मनप्रीत बेरोजगार है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।