‘संभलकर देना आईडी, दूसरे कर रहें हैं प्रयोग’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर की सुरक्षा के साथ सिमकार्ड विक्रेता खिलवाड़ कर रहे हैं। कई दुकानदार फर्जी दस्तावेज लगाकर सिमकार्ड बेच रहे हैं। ऐसे लोग ग्राहक से आईडी और फोटो नहीं लेते, बल्कि इनके एवज में अतिरिक्त पैसे लेते हैं।
अधिक आय के लालच में ऐसे विक्रेताओं ने फर्जी दस्तावेजों पर सिमकार्ड बेचने का अपना धंधा बना लिया है।
बिना दस्तावेजों के सिमकार्ड उपलब्ध कराने वाला गिरोह शहर में सक्रिय है। जिसमें विक्रेता से लेकर मोबाइल आपरेटर कंपनी की सिम सप्लाई करने वाला प्रतिनिधि तक शामिल है।
अधिक आय के लिए दुकानदारों ने बनाया धंधा
ये लोग बाकायदा अपने स्तर पर फोटो और आईडी का बंदोबस्त करते हैं। इसके बाद बड़ी मात्रा में सिमकार्ड खरीद, उन्हें फर्जी आईडी से चालू करा लेते हैं।
इसके बाद बिना दस्तावेज सिमकार्ड मांगने वाले ग्राहकों से अतिरिक्त पैसे लेते हैं। इस तरह का फर्जीवाड़ा कर रहे विक्रेताओं में वो लोग हैं जो कि सड़क किनारे स्टॉल लगाकर बैठते हैं।
नोएडा सेक्टर 22 जे ब्लॉक मार्केट में है कैंप
सेक्टर-22 जे ब्लॉक मार्केट में सड़क किनारे सिमकार्ड की स्टॉल लगाने वाले एक युवक से जब अमर उजाला प्रतिनिधि की ग्राहक के रूप में बातचीत हुई तो उसने 60 रुपये अतिरिक्त लेकर बिना दस्तावेज के सिमकार्ड उपलब्ध कराने की बात कही।
जब मनोज से पूछा कि वेरिफिके शन कॉल आने पर सिम के मालिक का क्या नाम बताना है तो उसने कहा कि आप उसकी हां में हां मिलाना। सिम आपरेटर कंपनी का कस्टमर प्रतिनिधि खुद आपको मालिक का नाम बताएगा।
पचास से सौ रुपये लेते हैं अतिरिक्त
बिना दस्तावेज सिम कार्ड उपलब्ध कराने के लिए ऐसे दुकानदार पचास से सौ रुपये अतिरिक्त लेते हैं। इसके साथ सिम कार्ड के बंद नहीं होने की गारंटी भी देते हैं।
सिम आपरेटर कंपनियों की ओर से ठीक से ग्राहक की वेरिफिकेशन नहीं करना, ट्राई के नियमों का उल्लंघन है। इसके अलावा ग्राहक के दस्तावेजों की ठीक जांच नहीं करना भी इसी के दायरे में आता है।
जिसके कारण फर्जी दस्तावेजों पर सिम मुहैया कराने का धंधा फल फूल रहा है। यदि वेरिफिकेशन ठीक से की जाए तो स्वत: ही फर्जी तरीके से सिम बेचने पर लगाम कर सकेगी।
आपके पहचान पत्र का हो सकता है गलत उपयोग
सिमकार्ड लेने जा रहे हैं तो थोड़ा संभल जाएं। हो सकता है जिस दुकानदार से आप सिम खरीद रहे हैं और दस्तावेज दे रहे हैं, वह उनका अन्य सिम कार्ड के साथ भी इस्तेमाल कर सकता है।
ऐसे में आपको मालूम भी नहीं चलेगा और आपके नाम से अनेक सिमकार्ड चालू करवा लिए जाएंगे। ऐसे में सिमकार्ड खरीदते वक्त निम्न बातों का ध्यान रखें।
सड़क किनारे लगने वाली स्टालों के बजाए स्थायी दुकानदार से सिम कार्ड खरीदें। पहचान पत्र पर अपने हस्ताक्षर करें। पहचान पत्र पर लिखें ‘सिमकार्ड आवेदन के प्रयोग हेतू’ सिम के आवेदन फार्म पर लगने वाले फोटो पर भी हस्ताक्षर करें। अपने पहचान पत्र और उसकी फोटोकॉपी किसी को न दें।