दिल्ली में मौलवी से जबरन बुलवाया 'जय माता दी', चलती बस में युवकों ने की पिटाई
राजधानी में मौलवी के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। मौलवी से जबरदस्ती 'जय माता दी' बुलवाया और पीटा भी..
रोहिणी जिले के शाहबाद डेयरी इलाके में बस में जा रहे मौलवी आफताब आलम (27) को दो युवकों ने ‘जय माता दी’ बोलने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद उसकी पिटाई कर बस से उतरकर भाग गए। मौलवी ने इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के मुताबिक, परिवार के साथ जेजे कॉलोनी बवाना में रहने वाला मौलवी आफताब आलम वहीं एक मस्जिद में बच्चों को धार्मिक शिक्षा देता है। 8 अप्रैल को आफताब रूट संख्या-116 की बस से घर लौट रहा था।
ये था मामला
बस में प्रह्लादपुर गांव के 35-40 साल के दो युवक भी सवार थे। एक युवक ने आफताब से पूछा कि वह हिन्दुस्तानी है? ‘हां’ बोलने पर दोनों युवकों ने कहा कि वह जय माता दी बोले।
आफताब ने ‘जय माता दी’ बोल दिया। इसके बाद भी आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी। बाद में दोनों युवक उसे धमकाकर प्रह्लादपुर गांव में उतर गए।
बवाना मेन चौक स्टैंड पर उतरकर आफताब ने मामले की सूचना पुलिस को दी। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।